उदयपुर, 3 अप्रैल। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ प्रशासक गुलाबचंद कटारिया चार दिवसीय प्रवास पर उदयपुर पहुंचे। उनके आगमन पर एयरपोर्ट पर भारतीय ...
उदयपुर, 3 अप्रैल। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ प्रशासक गुलाबचंद कटारिया चार दिवसीय प्रवास पर उदयपुर पहुंचे। उनके आगमन पर एयरपोर्ट पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न समाज संगठनों के पदाधिकारियों एवं आमजन द्वारा भव्य एवं आतिशी स्वागत किया गया।
एयरपोर्ट के अतिथि कक्ष में शहर विधायक ताराचंद जैन ग्रामीण विधायक फूल सिंह, मीणा वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी, गोगुंदा विधायक प्रताप गमेती, देहात जिला अध्यक्ष पुष्कर तेली, महिला समृद्धि बैंक की अध्यक्ष डॉ किरण जैन, पूर्व जिला अध्यक्ष रवींद्र श्रीमाली, पूर्व उपसभापति महेंद्रसिंह शेखावत, भाजपा नेता अतुल चण्डालिया आदि ने पगड़ी ऊपरना पहना कर स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रशासन की ओर से राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान कर सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों का उत्साह देखते हुए श्री कटारिया भाव-विभोर हो गए तथा सभी से आत्मीयता से मिले।
भाजपा मीडिया संभाग प्रभारी चंचल कुमार अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्यपाल के आगमन पर कार्यकर्ताओं एवं आमजन का सैलाब उमड़ पड़ा, जिससे पूरे वातावरण में उत्साह का माहौल रहा।
एयरपोर्ट से प्रस्थान कर महामहिम सीधे कैलाशपुरी स्थित एकलिंगजी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने मेवाड़ के आराध्य देव भगवान एकलिंगनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने वहीं दोपहर का भोजन भी ग्रहण किया। मंदिर परिसर में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता अशोक मौड़ सहित अन्य कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने उनका स्वागत किया। कटारिया का यह प्रवास विभिन्न सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों में सहभागिता के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

No comments