उदयपुर। राजस्थान सरकार द्वारा संचालित गंगा जल संरक्षण एवं संवर्धन अभियान तथा कैच द रेन अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप, राजस्थान राज्य प्रदूष...
उदयपुर। राजस्थान सरकार द्वारा संचालित गंगा जल संरक्षण एवं संवर्धन अभियान तथा कैच द रेन अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के तकनीकी मार्गदर्शन में कोरोमंडल इंटरनेशनल लिमिटेड द्वारा अपनी सीएसआर पहल के अंतर्गत ग्राम कानपुर स्थित ऐतिहासिक धरोहर पथवारी चौक की बावड़ी के संरक्षण, संवर्धन एवं जीर्णाेद्धार कार्य का शुभारंभ किया गया।
इस मौके पर वैदिक मंत्रों के साथ हवन की गूंज से पूरा बावड़ी परिसर भक्तिमय हो उठा। राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी शरद सक्सेना ने पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बावड़ी परिसर में छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए।
मौके पर कार्य कर रहे मजदूरों ने मंत्रोच्चार के बीच ही उद्घोष किया कि बावड़ी छलक उठी। यह सुनते ही उपस्थित जनसमुदाय की आंखें खुशी से भर आईं। इसे ग्रामीणों ने मां गंगा का आशीर्वाद बताया और पूरा परिसर हर-हर गंगे के जयकारों से गूंज उठा।
इस भव्य शुभारंभ समारोह में आरएसपीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी शरद सक्सेना एवं उनकी टीम, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश राहुल चौधरी, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के प्रतिनिधिगण, कोरोमंडल इंटरनेशनल लिमिटेड के यूनिट प्रमुख अखिल द्विवेदी तथा कंपनी के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
साथ ही पूर्व उपसरपंच मदनलाल डांगी, समाजसेवी अर्चना सिंह चारण, पूर्व उपसरपंच सुरेश कुमार पटेल, समाजसेवी राधाकृष्ण पुष्करणा, गणेशलाल मेनारिया, कन्हैयालाल पुष्करणा, जीएस क्लब कानपुर के किशन बागावत, प्रवीण वातडा, शंकर पटेल, निखिल पटेल, तारा पटेल सहित गांव के गणमान्य नागरिक व हजारों ग्रामीण उपस्थित रहे।
उपस्थित ग्रामीणों ने मांग की कि बावड़ी को पूर्ण हेरिटेज लुक में विकसित किया जाए। ऐतिहासिक रूप से यहां रहट की स्थापना की जाए, जैसे पूर्व में किसान अपने खेतों पर कुओं से सीधे सिंचाई के लिए करते थे। साथ ही लाइटिंग सहित अन्य सभी कार्यों से बावड़ी को ऐतिहासिक स्वरूप देकर पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाए। उपस्थित अधिकारी गणों ने ग्रामीणों की सभी मांगे सहर्ष स्वीकार कर लीं। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि हेरिटेज लुक में बावड़ी का जीर्णाेद्धार होगा और यह जल्द ही चमक उठेगी।

No comments