Page Nav

HIDE

Classic Header

{fbt_classic_header}

breaking news

latest

शहर की विद्युत व्यवस्था पर भाजपा नेताओं और विद्युत विभाग के अधिकारियों की बैठक

फोन नहीं उठाने पर शहर विधायक ने जताया आक्रोश, अधिकारियों ने कहा ऑफिसों के कॉल सेंटर होंगे दुरूस्त5 जून तक अधिकांश समस्याओं के निराकरण का दिय...


फोन नहीं उठाने पर शहर विधायक ने जताया आक्रोश, अधिकारियों ने कहा ऑफिसों के कॉल सेंटर होंगे दुरूस्त5 जून तक अधिकांश समस्याओं के निराकरण का दिया आश्वासन

उदयपुर। शहर में विद्युत आपूर्ति को लेकर आ रही समस्या को देखते हुए उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन द्वारा आयोजित विद्युत विभाग के अधिकारियों और भाजपा नेताओं बैठक में भाजपा नेताओं ने भीषण गर्मी में हो रही बार-बार कटौती पर विद्युत विभाग के अधिकारियों पर जमकर आक्रोश जताया और कहा कि विद्युत विभाग के अधिकारी किसी का भी फोन नहीं उठाते है, जिससे जनता को जवाब देना मुश्किल हो रहा है। भाजपा नेताओं की शिकायत को देखकर शहर विधायक ताराचंद जैन ने भी अधिकारियों पर फोन नहीं उठाने के मुद्दे पर जमकर आक्रोश जताया। इस पर विभाग के अधीक्षण अभियंता ने आश्वस्त किया कि आगे से ऐसा नहीं होगा और ऑफिसों में कॉल सेंटर को दुरूस्त किया जाएगा। साथ ही आश्वस्त किया कि 15 जून तक सभी समस्याओं का एक-एक कर निस्तारण कर दिया जाएगा।

शहर विधायक ताराचंद जैन ने बुधवार को इस भीषण गर्मी के बीच में की जा रही अघोषित विद्युत कटौती से शहरवासियों को हो रही परेशानियों को देखते हुए भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और विद्युत विभाग के अधिकारियों की एक बैठक पटेल सर्कल पर रखी। इस बैठक में आए भाजपा नेताओं की सर्वाधिक शिकायत विद्युत विभाग द्वारा की जाने वाली अघोषित कटौती को लेकर थी। भाजपा नेताओं ने कहा कि रख रखाव के नाम पर आए दिन पूरे दिन विद्युत आपूर्ति कटौती की जाती है और इसके बाद भी थोड़ी सी बारिश होती है या तेज हवा चलती है तो घंटों तक लाईट गुल रहती है। साथ ही भाजपा नेताओं का कहना था कि रात को जब भी लाईट बंद होती है और विद्युत विभाग के अधिकारियों को फोन लगाया जाता है तो उनका फोन या तो बंद आता है या वे उठाते ही नहीं है। विद्युत विभाग के विभिन्न ऑफिसों की भी यही स्थिति है। भाजपा नेताओं का कहा कि आम जनता को जवाब उन्हें देना होता है। भाजपा नेताओं की द्वारा फोन नहीं उठाने की शिकायत पर शहर विधायक ताराचंद जैन आक्रोशित हो गए और उन्होंने इस बात को लेकर अधिकारियों को जमकर सुनाया कि किसी कारणवश रात को लाईट जा सकती है पर कम से कम फोन उठाकर उपभोक्ताओं को संतुष्टि से जवाब तो दिया जा सकता है। इस पर विभाग के अधीक्षण अभियंता केआर मीणा ने शहर विधायक ताराचंद जैन और भाजपा नेताओं को बताया कि कई बार विद्युत आपूर्ति को चालू करने के दौरान अभियंता काम में व्यस्त होने के कारण फोन अटेंड नहीं कर पाता है। साथ ही मीणा ने आश्वस्त किया कि कार्यालयों में कॉल सेन्टर की कार्यप्रणाली को और अधिक व्यवस्थित किया जाएगा ताकी उपभोक्ताओं को संतुष्टिपूर्वक जवाब दिया जा सकें। बैठक में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रविन्द्र श्रीमाली, पूर्व उप महापौर महेन्द्र सिंह शेखावत, शहर महामंत्री देवीलाल सालवी, मण्डल अध्यक्ष कन्हैयालाल वैष्णव, विजय आहूजा, रणजीत सिंह दिग्पाल, राजेश वैष्णव, नानालाल वया, दीपक बोल्या, अतुल चंडालिया, महेश त्रिवेदी, अर्चना शर्मा, रेखा उंटवाल, अरविंद जारोली, मुकेश शर्मा, भरत जोशी, कमल बाबेल, जयंत ओझा, कुंदन चौहान सहित कई नेता उपस्थित थे।

कहां-कहां से आ रही बिजली, दी जानकारी 

बैठक में शहर विधायक ताराचंद जैन द्वारा शहर में विद्युत सप्लाई कहां से आ रही है तो अधीक्षण अभियंता केआर मीणा ने बताया कि वर्तमान में शहर में 400 से 450 मेघावाट विद्युत की मांग है, जिसमें विद्युत सप्लाई 220 केवी जीएसएस चित्तौड एवं 220 केवी जीएसएस अम्बेरी से आ रही है। गत दिनों में 200 केवी जीएसएस दरीबा से सप्लाई शुरू होने से शहर को विद्युत आपूर्ति मिलने लगी है। 

इन लाईनों का चल रहा है काम 

शहर विधायक ताराचंद जैन द्वारा नए कामों के बारे में पूछने पर एससी मीणा ने बताया कि 220 केवी जीएसएस अम्बेरी के लिए डबल सर्किट नाथद्वारा-कांकरोली लाईन का काम चल रहा है, जो दिसम्बर 26 तक होगा। साथ ही 400 केवी जीएसएस घासा का काम चल रहा है, जो कि मार्च 27 तक पूरे होने की संभावना है। इसी प्रकार 220 केवी जीएसएस मेनार का काम भी चल रहा है। शहर में कुसुम योजना के तहत सोलर प्लांट लगाए जाने प्रस्तावित है, जिसमें 60 मेगावाट के प्लांट स्वीकृत है, जिसमें 10 मेगावाट के प्लांट लगा दिए है। इसी प्रकार नवरतन, धोल की पाटी, बलीचा पर इंटर कनेक्शन किए जा रहे है। साथ ही अधीक्षण अभियंता मीणा ने बताया कि शहर के विद्युत तंत्र को सुदृढ करने के लिए 7 नए 33 केवी जीएसएस के लिए यूडीए से जमीन विधायक ताराचंद जैन के प्रयासों से मिल रही है। 

हर्ष नगर में ट्रिपिंग की समस्या से जल्द निजात

विद्युत विभाग के अधिकारियों ने हर्षनगर में विद्युत सप्लाई में आ रही ट्रिपिंग की समस्या को लेकर बताया कि यह फीडर सीसारमा गांव जुडा होने से ट्रिपिंग की समस्या कभी कभार रहती है। इस के लिए सीसारमा में नया 33 केवी स्वीकृत है, जिसमें जमीन आंवटन का काम हा गया है और निर्माण के लिए फाईल प्रोसेस में है, जिससे यह समस्या भी समाप्त हो जाएगी।

यह समस्या भी बताई नेताओं ने 

सवीना में पुराने क्षतिग्रस्त पोल को बदलने, सही करने, गट्टानी हॉस्पिटल के पास लगे पोल पर पेडों के कारण आने वाले फॉल्ट को सही करने, बंजारा बस्ती सेक्टर 4 में नया ट्रांसफॉर्मर लगाने, टेकरी-मादडी लिंक रोड पर सडक के बीच आ रहे पोल को हटाने के लिए ऐस्टीमेट बनाने, जवाहर जैन विद्यालय सेक्टर 12 एवं आलोक स्कूल सेक्टर 11 के बाहर लगे हुए ट्रांसफॉर्मर की फेसिंग सही करने, नेमीनाथ कॉलोनी सेक्टर 3 में 11 केवी लाईन शिफ्टिंग के बाद लगे पोल को हटाने, संधा एण्ड कम्पनी में लगे कर्मचारियों के कार्यों की मॉनिटरिंग करवाने एवं कुशल कार्मिक लगाने की समस्या को शीघ्र ही निराकरण करवाने का आश्वासन दिया।

साल में तीन बार होगी पेडों की छंगाई

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि कई तार पेड़ों की टहनियों में छिप गए है, जिससे आए दिन शार्ट सर्किट होता है। इस पर शहर विधायक ताराचंद जैन ने एससी केआर मीणा को निर्देश दिए कि वर्ष में 3 बार पेड़ों की छंगाई करने, विद्युत चोरी कर रहे परिवारों की नियमित जांच की जाए। इस पर भी सहमति दी। 

अण्डर ग्राउंड के लिए 15 दिन में सर्वे कर बताएं

शहर विधायक ताराचंद जैन ने शहर के दोनों अधिशाषी अभियंताओं को शहर में विद्युत प्रणाली को सुदृढ करने एवं नीचे लटके तारों की समस्या से निजात के लिए अण्डरग्राउण्ड लाईन बिछाने के लिए स्थान चिन्हित कर 15 दिन में सूचित करने के निर्देश दिए। साथ ही सुखाडिया सर्कल पर 33 केवी जीएसएस के लिए अधिशाषी अभियंता को यूडीए में अधिकारी से संपर्क करने, कृषि भूमि पर नए औद्योगिक कनेक्शन नहीं देने, विभिन्न स्थानों पर रोड चौडी करने के लिए पोल शिफ्ट करने की सूचना 15 दिन में देने के निर्देश दिए। 

15 जून तक अधिकांश समस्याओं का होगा समाधान

बैठक में अधीक्षण अभियंता केआर मीणा ने कहा कि तूफान आने के कारण जीएसएस और कई जगहों विद्युत सप्लाई में काफी नुकसान हुआ है। अभियंता ने कहा कि कर्मचारी काम कर रहे है और 15 जून तक अधिकांश समस्याओं का निस्तारण कर लिया जाएगा इसके बाद भी लगातार काम जारी रहेगा और इस बार किसी तरह की समस्या शहरवासियों को नहीं होगी।

No comments