Page Nav

HIDE

Classic Header

{fbt_classic_header}

breaking news

latest

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पुतला दहन कर कांग्रेस ने जताया आक्रोश

अशोक गहलोत के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर की सार्वजनिक माफी की मांग उदयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरि...


अशोक गहलोत के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर की सार्वजनिक माफी की मांग

उदयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत के विरुद्ध कथित तौर पर अनर्गल आरोप लगाने एवं अशोभनीय भाषा का प्रयोग कर अभद्र टिप्पणी करने के विरोध में आज उदयपुर ए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा ब्लॉक अध्यक्ष शंकर चंदेल के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतक सर्कल स्थित मोहता पार्क के बाहर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पुतला दहन कर उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

इस अवसर पर ए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शंकर चंदेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक और गरिमामय पद पर बैठे व्यक्ति को अपनी भाषा और मर्यादा का विशेष ध्यान रखना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ जिस प्रकार की अशोभनीय टिप्पणियां की गई हैं, वे न केवल एक वरिष्ठ राजनीतिक नेता का अपमान हैं, बल्कि राजस्थान की राजनीतिक संस्कृति और लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर भी प्रहार हैं।

चंदेल ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को सत्ता का अहंकार छोड़कर अपनी जिम्मेदारियों का एहसास करना चाहिए। अशोक गहलोत तीन बार राजस्थान के मुख्यमंत्री रहे हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा और आमजन को राहत देने का काम किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को राजनीतिक विरोध का जवाब तथ्यों और अपने कामकाज से देना चाहिए, न कि व्यक्तिगत टिप्पणियों और अभद्र भाषा से।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार को राजस्थान की जनता ने विकास और सुशासन की उम्मीद के साथ चुना है, लेकिन मुख्यमंत्री जनहित के मुद्दों पर जवाब देने के बजाय राजनीतिक बयानबाजी में उलझे हुए हैं। प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और बिगड़ती कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। कांग्रेस पार्टी इस प्रकार की ओछी राजनीतिक भाषा और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के उल्लंघन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

चंदेल ने चेतावनी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को अपनी टिप्पणी के लिए तत्काल सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी अपने वरिष्ठ नेताओं के सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 'मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हाय-हाय', 'अशोक गहलोत का अपमान नहीं सहेगा राजस्थान' जैसे नारे लगाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

कार्यक्रम में कमल चौधरी, धर्मेंद्र राजोरा, धर्मेश मालवीय, नजमा मेवाफरोश, पार्षद अजीत चौधरी, पार्षद साजिद खान, पार्षद रोहित मेघवाल, तसलीम खान, गोविंद घावरी, विजय बेनीवाल, जावेद खान, शाहिद मंसूरी, राजेश तंवर, मोहन चंदेल, विशाल चौधरी, तखत सिंह, विनीत चंदेल, दीपांशु छापरवाल, ऋषि छापरवाल, भानु घावरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


No comments