उदयपुर, 9 मई। मेवाड़ की धरती के होनहार युवा उद्यमी और उदयपुर निवासी रम्यक जैन (भोरावत) ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन क...
उदयपुर, 9 मई। मेवाड़ की धरती के होनहार युवा उद्यमी और उदयपुर निवासी रम्यक जैन (भोरावत) ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई में आयोजित प्रतिष्ठित “द इकोनॉमिक टाइम्स सम्मान समारोह में दो बड़े सम्मान अपने नाम किए। यह समारोह मुंबई स्थित कोलाबा के प्रसिद्ध ताज महल पैलेस होटल में आयोजित हुआ, जहां देशभर की जानी-मानी हस्तियां और उद्योग जगत से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
रम्यक जैन को अडाणी ग्रुप ब्रांड के लिए तैयार किए गए विज्ञापन अभियान के उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु 1 गोल्ड अवॉर्ड एवं 1 ब्रॉन्ज अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि न केवल रम्यक जैन के लिए, बल्कि पूरे मेवाड़ और उदयपुर शहर के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।
समारोह के दौरान रम्यक जैन के कार्यों की रचनात्मकता, नवाचारपूर्ण सोच और प्रभावशाली प्रस्तुति की विशेष सराहना की गई। विज्ञापन क्षेत्र में उनकी मेहनत, समर्पण और नए विचारों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिलना युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत माना जा रहा है।
इस उपलब्धि पर रम्यक जैन ने अपने परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके अकेले का नहीं, बल्कि उन सभी लोगों का है जिन्होंने हर कदम पर उनका साथ दिया और उन पर विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि परिवार का समर्थन, बड़ों का आशीर्वाद और मित्रों का उत्साहवर्धन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। रम्यक जैन की इस सफलता से उदयपुर एवं मेवाड़ क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

No comments