Page Nav

HIDE

Classic Header

{fbt_classic_header}

breaking news

latest

सहेलियों की बाड़ी में हुआ योग प्रोटोकॉल का भव्य पूर्वाभ्यास, आमजन में बढ़ रहा है योग के प्रति उत्साह

बुधवार को गुलाब बाग में गांधी मूर्ति के समक्ष होगा अगला पूर्वाभ्यास उदयपुर, 16 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित 50 दि...


बुधवार को गुलाब बाग में गांधी मूर्ति के समक्ष होगा अगला पूर्वाभ्यास

उदयपुर, 16 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित 50 दिवसीय योग काउंटडाउन कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार प्रातः सहेलियों की बाड़ी में सामूहिक योग प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, योग साधकों, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सहायक निदेशक डॉ. भानु कुमार जैन ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जिलेभर में नियमित रूप से योग प्रोटोकॉल के पूर्वाभ्यास आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने सभी नागरिकों से 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की।

योग समन्वयक एवं सहायक नोडल अधिकारी वैद्य डॉ. शोभालाल औदीच्य ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति तथा सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। उन्होंने आमजन से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में डॉ. शुभा सुराणा ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार मिनट-टू-मिनट योगाभ्यास कराया तथा विभिन्न योगासनों, प्राणायाम, ध्यान एवं विश्राम क्रियाओं का अभ्यास करवाया। डॉ. संजय माहेश्वरी ने योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योग क्रियाओं के महत्व एवं उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। मंच पर जिग्नेश शर्मा, विमला सिंह, मैना जैन, मुकेश पाठक, योगी अशोक जैन, पूरण सिंह, शारदा जालोरा, प्रेम जैन, सरला जोशी, गायत्री एवं सुरेश पालीवाल ने योग प्रोटोकॉल का प्रदर्शन करते हुए प्रतिभागियों को अभ्यास करवाया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ योगाभ्यास में भाग लिया। कार्यक्रम में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा महाविद्यालय उदयपुर, पतंजलि योग समिति उदयपुर, क्रीड़ा भारती उदयपुर, पैसिफिक विश्वविद्यालय, अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन, स्वास्थ्य सेतु, विश्व फाउंडेशन, सुकृपा फाउंडेशन, प्रणव आयुर्वेद योग सेंटर, ओसवाल सभा, ओसवाल युवक परिषद तथा आरोग्य विहार धाम सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं योग साधकों ने सहभागिता की।

वैद्य औदीच्य ने बताया कि 50 दिवसीय योग काउंटडाउन कार्यक्रम के अंतर्गत अगला योग प्रोटोकॉल पूर्वाभ्यास बुधवार, 17 जून को प्रातः गुलाब बाग में गांधी मूर्ति के समक्ष आयोजित किया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक नागरिकों से समय पर उपस्थित होकर योगाभ्यास में भाग लेने तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने की अपील की।


No comments