बुजुर्गों की अगुवाई में गूंजेगा योग का संदेश उदयपुर, 19 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को उदयपुर में जिला स्तरीय मुख्य ...
बुजुर्गों की अगुवाई में गूंजेगा योग का संदेश
उदयपुर, 19 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को उदयपुर में जिला स्तरीय मुख्य आयोजन गांधी ग्राउंड में आयोजित होगा। इस वर्ष की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग को केंद्र में रखते हुए कार्यक्रम की तैयारियां जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में युद्धस्तर पर चल रही हैं। विशेष बात यह है कि योग दिवस के पूर्वाभ्यास और मुख्य कार्यक्रम में बुजुर्ग प्रतिभागियों की अग्रणी भूमिका रहेगी तथा मंच पर योगाभ्यास कराने के लिए लगभग 60 प्रतिशत स्थान वरिष्ठ नागरिकों को दिया जाएगा।जिला स्तरीय आयोजन के प्रभारी अधिकारी नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के नेतृत्व में जिला प्रशासन, आयुर्वेद विभाग, नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभाग आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। आयुर्वेद विभाग से नोडल अधिकारी डाॅ भानुकुमार जैन ने बताया कि योग दिवस के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गांधी ग्राउण्ड के अलावा फतहसागर की पाल तथा सहेलियों की बाड़ी में भी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सहायक नोडल अधिकारी डाॅ शोभालाल औदीच्य ने बताया कि जिला स्तरीय आयोजन पहली बार डोम में होगा। इसमें तीन मंच तैयार कराए जा रहे हैं। इनमें से एक मंच महिलाओं को समर्पित रहेगा। इसमें योगाभ्यास कराने के लिए दक्ष प्रशिक्षक भी महिलाएं ही रहेंगी। तीनों मंच पर प्रशिक्षकों में 60 प्रतिशत बुजुर्गों को स्थान दिया जाएगा। कार्यक्रम में सभी जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण, खिलाड़ी, पुलिस जवान, एनएसएस, स्काउड-गाइड स्वयंसेवक तथा आमजन भाग लेंगे। जिला प्रशासन ने आमजन से अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया है।
यह रहेगा कार्यक्रम
- सुबह 6 बजे से अतिथियों का आगमन
- 6.30 बजे से 6.45 बजे तक दीप प्रज्ज्वलन
- 6.45 से 7 बजे तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण
- 7 से 7.45 बजे तक योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास
- 7.45 से 8 बजे तक अतिथि उद्बोधन एवं समापन
No comments