Page Nav

HIDE

Classic Header

{fbt_classic_header}

breaking news

latest

15 साल से फरार 23 स्थायी वारंटों का आरोपी ऋषिकेश में साधु बनकर छिपा था, उदयपुर पुलिस ने दबोचा

पुलिस मुख्यालय के विशेष अभियान में भूपालपुरा थाना पुलिस की बड़ी सफलता, घाट-घाट पर तलाश के बाद आरोपी गिरफ्तार उदयपुर, 29 जुलाई। पुलिस मुख्याल...

पुलिस मुख्यालय के विशेष अभियान में भूपालपुरा थाना पुलिस की बड़ी सफलता, घाट-घाट पर तलाश के बाद आरोपी गिरफ्तार

उदयपुर, 29 जुलाई। पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उदयपुर की भूपालपुरा थाना पुलिस ने 15 वर्षों से फरार और 23 स्थायी वारंटों में वांछित एक शातिर आरोपी को उत्तराखंड के ऋषिकेश से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए साधु का भेष धारण कर अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा तथा वृत्ताधिकारी नगर पूर्व छवि शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी रतन सिंह चौहान के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

साधु का वेश धारण कर पुलिस को देता रहा चकमा

गिरफ्तार आरोपी श्यामलाल पुत्र परसराम (78) निवासी मीरा कॉलोनी, उदयपुर पिछले 15 वर्षों से फरार चल रहा था। उसके विरुद्ध 23 स्थायी वारंट लंबित थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने उत्तराखंड के ऋषिकेश में साधु का वेश धारण कर अपनी पहचान छिपा ली थी।

हरिद्वार से ऋषिकेश तक घाट-घाट पर की तलाश

पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी उत्तराखंड में साधु बनकर रह रहा है। इस पर टीम पहले हरिद्वार पहुंची, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने ऋषिकेश के विभिन्न घाटों पर पुरानी तस्वीरों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर लगातार तलाश अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे केंद्रीय कारागृह भेज दिया गया। पुलिस अब उसके विरुद्ध लंबित सभी मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी रतन सिंह चौहान के नेतृत्व में हैड कांस्टेबल नवलराम, कांस्टेबल आसुराम, रघुवीर सिंह, राजेन्द्र कुमार, देवीलाल तथा साइबर सेल के लोकेश रायकवाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विशेष रूप से कांस्टेबल आसुराम और रघुवीर सिंह के प्रयास सराहनीय रहे।

                 -------------

No comments