Page Nav

HIDE

Classic Header

{fbt_classic_header}

breaking news

latest

उदयपुर-असरवा वंदे भारत अब जाएगी सूरत तक, मेवाड़ को मिलेगा दक्षिण भारत से सीधा रेल कनेक्शन

सांसद डॉ. मन्नालाल रावत के प्रयास रंग लाए, रेल मंत्रालय ने जारी किए विस्तार के आदेश उदयपुर। मेवाड़ को देश के प्रमुख शहरों से बेहतर रेल कनेक्...

सांसद डॉ. मन्नालाल रावत के प्रयास रंग लाए, रेल मंत्रालय ने जारी किए विस्तार के आदेश

उदयपुर। मेवाड़ को देश के प्रमुख शहरों से बेहतर रेल कनेक्टिविटी से जोड़ने की दिशा में सांसद डॉ. मन्नालाल रावत के प्रयास एक बार फिर रंग लाए हैं। रेल मंत्रालय ने उदयपुर से असरवा के बीच संचालित वंदे भारत एक्सप्रेस का विस्तार अब सूरत तक करने के आदेश जारी कर दिए हैं। यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह के शेष छह दिनों में उदयपुर से सूरत तक संचालित होगी। इस विस्तार से मेवाड़ के हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलने के साथ ही दक्षिण भारत से रेल कनेक्टिविटी के नए रास्ते भी खुलेंगे।

सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने वंदे भारत एक्सप्रेस के सूरत तक विस्तार के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि मेवाड़ के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को केंद्र सरकार ने गंभीरता से लिया है। उदयपुर से सूरत तक वंदे भारत के संचालन से व्यापार, रोजगार और आवागमन के क्षेत्र में मेवाड़ को महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा।

रेल मंत्री से मुलाकात के बाद मिली सफलता

उल्लेखनीय है कि उदयपुर-असरवा वंदे भारत एक्सप्रेस का सूरत तक विस्तार करने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी। सांसद डॉ. रावत ने इस संबंध में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर मेवाड़ की आवश्यकता और यात्रियों की परेशानियों से अवगत कराया था। इसके बाद रेल मंत्रालय ने ट्रेन के विस्तार के आदेश जारी किए हैं और नई समय-सारणी भी जारी कर दी है।

उदयपुर से रात 11 बजे पहुंचेगी सूरत

नई समय-सारणी के अनुसार वंदे भारत एक्सप्रेस उदयपुर से दोपहर 3 बजकर 35 मिनट पर रवाना होगी। ट्रेन 4:03 बजे जावर, 4:50 बजे डूंगरपुर, 5:27 बजे शामलाजी रोड, 6:18 बजे हिम्मतनगर और 7:25 बजे असरवा पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन 8:58 बजे मणिनगर, 9:50 बजे आणंद, 10:22 बजे भरूच होते हुए रात 11 बजे सूरत पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन सूरत से सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर रवाना होकर दोपहर 1 बजकर 40 मिनट पर उदयपुर पहुंचेगी।

दक्षिण भारत की ट्रेनों से जुड़ाव होगा आसान

वंदे भारत के सूरत तक विस्तार का सबसे बड़ा लाभ मेवाड़ के उन हजारों लोगों को मिलेगा, जो व्यापार और रोजगार के सिलसिले में सूरत के साथ-साथ दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों में रहते हैं। वर्तमान में उदयपुर और आसपास के क्षेत्रों से सूरत पहुंचने के लिए बड़ी संख्या में यात्रियों को बस से सफर करना पड़ता है और इसके बाद सूरत से आगे रेल यात्रा करनी पड़ती है। बसों की समय-सारणी और ट्रेनों के समय में सामंजस्य नहीं होने तथा रेलों में प्रतीक्षा सूची के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अब उदयपुर से सीधे वंदे भारत के जरिए सूरत पहुंचना आसान होगा। सूरत पहुंचने के बाद दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों के लिए संचालित ट्रेनों से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी। इससे मेवाड़ और दक्षिण भारत के बीच व्यापारिक, रोजगार एवं सामाजिक संपर्क भी और मजबूत होने की उम्मीद है।

सांसद डॉ. रावत ने कहा कि मेवाड़ को बेहतर रेल सुविधाओं से जोड़ना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उदयपुर से सूरत तक वंदे भारत का विस्तार इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में मेवाड़ से दक्षिण भारत के लिए प्रत्यक्ष रेल सेवाओं की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।

No comments