बड़गांव। भारतीय किसान संघ, तहसील बड़गांव कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, थुर में आयोजित हुई। बैठक में संभाग जैविक प...
बड़गांव। भारतीय किसान संघ, तहसील बड़गांव कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, थुर में आयोजित हुई। बैठक में संभाग जैविक प्रमुख डॉ. जगदीश चौधरी, जिला उपाध्यक्ष माणाक चौबीसा, जिला मंत्री एडवोकेट भारत कुमावत, तहसील अध्यक्ष वदन सिंह एवं तहसील मंत्री गणेश सिंह सहित बड़गांव तहसील की विभिन्न पंचायतों के प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में क्षेत्र की किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। माणक चौबीसा ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से रखते हुए प्रशासन से इनके शीघ्र समाधान की मांग की।
किसान संघ ने बताया कि मदार बड़ा एवं छोटा तालाब तथा लखावली तालाब के नहरी गेट खराब हैं, जिसके कारण पानी का समुचित ठहराव नहीं हो पा रहा है। नहरों का ढांचा भी क्षतिग्रस्त है, जिसकी तत्काल मरम्मत आवश्यक है। वहीं मदार बड़े एवं छोटे तालाब की पाल पर बड़े-बड़े पेड़ उग आए हैं, जिससे पाल की मजबूती प्रभावित होने तथा भविष्य में क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है। इन समस्याओं को लेकर कई बार एसडीओ कार्यालय एवं जिला कार्यालय में ज्ञापन दिए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर किसान संघ ने नाराजगी जताई।
लखावली पंचायत में वर्षों से काबिज काश्तकारों को यूआईडी/प्रशासन द्वारा बेदखल किए जाने की कार्रवाई का भी विरोध किया गया। संघ ने नियमानुसार जांच एवं कार्रवाई किए बिना काश्तकारों को बेदखल नहीं करने तथा ऐसी कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की।
बैठक में थूर की पाल से गोडान तक क्षतिग्रस्त सड़क का मुद्दा भी उठाया गया। किसान संघ के अनुसार बिना वैधानिक अनुमति भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क खराब हो चुकी है। कई बार ज्ञापन देने के बावजूद सुनवाई नहीं होने पर सड़क की तत्काल मरम्मत कराने तथा भारी वाहनों की आवाजाही को नियमानुसार नियंत्रित करने की मांग की गई।
बैठक में डॉ. जगदीश चौधरी ने आगामी भगवान बलराम जयंती, सितंबर माह में किसान सम्मेलन एवं 30 सितंबर को दिल्ली में आयोजित महिला सम्मेलन की तैयारियों और कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने संगठन की आगामी गतिविधियों एवं कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
जिला मंत्री भारत कुमावत ने ग्राम समिति गठन एवं उनके दायित्वों के अनुरूप कार्य करने की जानकारी दी। डॉ. जगदीश चौधरी ने संगठनात्मक रचना एवं आगामी आंदोलन की तैयारियों को लेकर मार्गदर्शन दिया।
बैठक में तहसील की सभी पंचायतों का प्रतिनिधित्व रहा। अंत में तहसील अध्यक्ष वदन सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

No comments