उदयपुर। उदयपुर विकास प्राधिकरण (UDA) द्वारा वार्ड संख्या 52 में नेहरू हॉस्टल के पास नवनिर्मित सर्विस रोड (लेन) का रविवार को लोकार्पण किया गय...
उदयपुर। उदयपुर विकास प्राधिकरण (UDA) द्वारा वार्ड संख्या 52 में नेहरू हॉस्टल के पास नवनिर्मित सर्विस रोड (लेन) का रविवार को लोकार्पण किया गया। इस लेन को निकालने के लिए शहर विधायक ताराचंद जैन के अथक प्रयासों से सफलता मिली है। विधायक जैन ने मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय (MLSU) के कुलपति (VC) से कई चरणों में वार्ता की। दो साल तक चले लगातार प्रयासों के बाद आखिरकार यूडीए ने नेहरू हॉस्टल की जमीन को अधिकृत कर यह नई लेन निकाली, जिसका लोकार्पण किया गया।
समारोह में शहर विधायक ताराचंद जैन एवं नगर निगम महापौर पारस सिंघवी द्वारा सड़क का लोकार्पण किया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, समाजसेवी कन्हैया वैष्णव, पूर्व पार्षद चंद्रप्रकाश सुहालका, पूर्व पार्षद लवदेव बागड़ी, समाजसेवी जितेंद्र मारू, पूर्व पार्षद प्रवीण मारवाड़ी, पूर्व पार्षद भूपेंद्र जैन, दिलकुश सेठ, रोशन लोढ़ा, सुरेश चौहान, सुरेश जैन, गीता मानावत, दीपक सेन, अनिल शर्मा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
नेहरू हॉस्टल के पास नवनिर्मित सर्विस रोड के शुरू होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा। उल्लेखनीय है कि इस महत्वपूर्ण लेन को स्वीकृत करवाने के लिए विधायक ताराचंद जैन ने दो वर्षों तक निरंतर प्रयास किए और विश्वविद्यालय प्रशासन (वीसी) से कई बार उच्चस्तरीय वार्ता कर नेहरू हॉस्टल की जमीन अधिग्रहित करवाई। इसके बाद यूडीए ने यहां पर निर्माण कार्य चालू किया। सड़क निर्माण के दौरान बीच में कुछ विद्युत पोल (खंभे) आ रहे थे, जिन्हें विद्युत विभाग की मदद से पास में ही सड़क के किनारे अन्यत्र शिफ्ट करवाया गया। इन तमाम प्रयासों और बाधाओं को दूर करने के बाद आखिरकार यह सड़क आमजन के लिए चालू हो सकी। इस मार्ग के शुरू होने से स्थानीय निवासियों एवं वाहन चालकों को बड़ी सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र की यातायात व्यवस्था अधिक सुचारू और बेहतर बनेगी।
क्षेत्रीय पार्षद तारा सुहालका ने क्षेत्र के विकास कार्यों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि वार्ड में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने इस विकास कार्य के लिए उदयपुर विकास प्राधिकरण, विधायक ताराचंद जैन एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

No comments