एयरपोर्ट पर प्रशासन ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने किया आत्मीय स्वागत उदयपुर की जनता ने मुझे जिस मुकाम तक पहुंचाय...
एयरपोर्ट पर प्रशासन ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने किया आत्मीय स्वागत
उदयपुर की जनता ने मुझे जिस मुकाम तक पहुंचाया, उसके लिए मैं जीवनभर आभारी रहूंगा – गुलाबचंद कटारिया
उदयपुर, 6 नवंबर। पंजाब के महामहिम राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाबचंद कटारिया दीपावली के पावन पर्व पर अपने गृह नगर उदयपुर पहुंचे। महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पर प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। वहीं जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
भाजपा मीडिया संभाग प्रभारी चंचल कुमार अग्रवाल ने बताया कि एयरपोर्ट पर जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन, शहर विधायक ताराचंद जैन, वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवींद्र श्रीमाली, प्रदेश कार्यकारिणी के विशेष आमंत्रित सदस्य अतुल चंडालिया, महिला समृद्धि बैंक की अध्यक्ष डॉ. किरण जैन, देहात जिले के पूर्व महामंत्री एवं पार्षद आकाश बागरेचा, कुंदन चौहान, उदयपुर डेयरी की पूर्व अध्यक्ष डॉ. गीता पटेल, भेरूलाल मीणा, भगवान खारोल, तेज सिंह भंडारी, अरविंद दुग्गड़, दीपक बोलिया, ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष बाबूलाल ओड, सुरेश आंचलिया, श्रीमती सुभाषिनी शर्मा, यशवंत साहू सहित अनेक गणमान्यजन एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने उदयपुर सहित प्रदेशवासियों को दीपावली के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, जीवन मूल्यों और हमारी गौरवशाली परंपराओं का प्रतीक है। भगवान श्रीराम के लंका विजय के पश्चात अयोध्या आगमन पर नगरवासियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर उनका स्वागत किया था। तभी से यह पर्व अंधकार पर प्रकाश और असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक के रूप में देश-विदेश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि दीपावली पर मां लक्ष्मी का पूजन, व्यापारिक प्रतिष्ठानों में बहीखातों का नवीनीकरण तथा शुभ कार्यों का शुभारंभ हमारी समृद्ध परंपराओं का हिस्सा है। यह पर्व समाज में प्रेम, सौहार्द, भाईचारे और पारस्परिक सद्भाव की भावना को मजबूत करता है। गरीब हो या अमीर, सभी एक-दूसरे से मिलकर राम-राम और शुभकामनाओं का आदान-प्रदान करते हैं। दीपावली के पश्चात गोवर्धन पूजा एवं गौमाता की सेवा तथा भाई दूज जैसे पर्व हमारी सांस्कृतिक और पारिवारिक परंपराओं की सुंदर अभिव्यक्ति हैं।
श्री कटारिया ने कहा कि दीपावली के अवसर पर प्रत्येक व्यक्ति अपने घर की सफाई के साथ-साथ मन की स्वच्छता और विचारों की पवित्रता का भी संकल्प लेता है। यह पर्व हमें अपने जीवन को श्रेष्ठ बनाने, सकारात्मकता अपनाने तथा समाज में सद्भाव और समरसता का वातावरण निर्मित करने की प्रेरणा देता है।
अपने गृह नगर उदयपुर के प्रति आत्मीयता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि उदयपुर की जनता ने उन्हें जिस मुकाम तक पहुंचाया है, उसके लिए वे जीवनभर आभारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनका संपूर्ण जीवन सेवा के भाव को समर्पित रहा है और वर्तमान में भी जिस दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं, उसमें प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं को कम करने तथा जनसेवा के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास निरंतर जारी है।
उन्होंने विशेष रूप से आह्वान किया कि हम सभी अपनी गौरवशाली भारतीय संस्कृति, संस्कारों और परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का संकल्प लें, ताकि हमारी सांस्कृतिक विरासत अक्षुण्ण बनी रहे।
अंत में श्री कटारिया ने उदयपुर सहित समस्त प्रदेशवासियों से दीपोत्सव के पांचों दिन हर्ष, उल्लास और पारिवारिक सौहार्द के साथ मनाने का आग्रह करते हुए कामना की कि ईश्वर सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करें तथा प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली के दीप प्रज्वलित हों।

No comments