300 से अधिक महिला कृषकों ने की भागीदारी कृषि यंत्र वितरण से किसानों को मिला आधुनिक खेती का सहारा - प्रो. सारंगदेवोत उदयपुर 30 मार्च / राजस्थ...
300 से अधिक महिला कृषकों ने की भागीदारीकृषि यंत्र वितरण से किसानों को मिला आधुनिक खेती का सहारा - प्रो. सारंगदेवोत
उदयपुर 30 मार्च / राजस्थान विद्यापीठ के संघटक महाविद्यालय स्कूल ऑफ ऐग्रीकल्चरल साइंसेज के सभागार में भारतीय तिलहन अनुसंधान संस्थान हैदराबाद की अनुसूचित जाति उप-योजना के अंतर्गत
महिला कृषकों के लिए कृषि प्रदर्शन दिवस एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें 300 से अधिक महिला कृषकों ने भाग लिया। अनुसूचित जाति उप-योजना के तहत 150 महिला कृषकों को तिरपाल, 75 महिला कृषकों को हाथ से चलने वाली सिलाई मशीन, सामुदायिक उपयोग हेतु एक कोल्ड प्रेस तेल निष्कर्षण यंत्र, जनजातीय स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को 65 वर्मी खाद बैग, फावड़े, उत्कृष्ट किस्मों के बांस पौधे, 6 स्प्रिंकलर सेट तथा 6 झाड़ी काटने की मशीनों का वितरण अतिथियों द्वारा किया गया। इन यंत्रों के माध्यम से खेती के कार्यों को आसान बनाने के साथ-साथ उत्पादन बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. शिव सिंह सारंगदेवोत ने कहा कि कृषि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसानों को आधुनिक तकनीक एवं संसाधनों से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ उठाकर किसान अपनी खेती को अधिक उन्नत और लाभकारी बना सकते हैं। महिला कृषकों को आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि इन्हेकृषि के साथ कौशल एवं उद्यमिता को जोड़ना समय की आवश्यकता है।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुल प्रमुख एवं कुलाधिपति भंवर लाल गुर्जर, कुलपति प्रो. शिव सिंह सारंगदेवोत, विशिष्ट अतिथियों हैदराबाद के तिलहनी अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. अजीज कुरैशी, डॉ. जी. सुरेश, जोधपुर के जिला न्यायाधीश युवराज सिंह, प्रो. गजेन्द्र माथुर ने मॉ सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजली एवं दीप प्रज्जवलित कर किया। प्रारंभ में नोडल अधिकारी प्रो. इन्द्रजीत माथुर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान द्वारा किये जा रहे कार्याे की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि भंवर लाल गुर्जर ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि ’’प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि यंत्रीकरण योजना’’ सहित कई योजनाओं के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता, सिंचाई सुविधाएं तथा कृषि उपकरणों पर अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है।
संचालन डॉ. सौरभ सिंह ने किया जबकि आभार प्रो. नारायण सिंह सोलंकी ने जताया। इस अवसर पर डॉ. आनंद सिंह जोधा, डॉ. भावना सिंह, डॉ. कल्पना, देवेंद्र, विनोद, दामिनी, राजेंद्र सिंह, विशाल पारीक, निधि पारख सहित ग्रामीण महिलाओं ने शिरकत की।

No comments