उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर में एकादशी के पावन अवसर पर चारों ओर श्याम नाम की गूंज सुनाई दी। शहर के टेकरी स्थित श्री राज राजेश्वर महादेव मंद...
उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर में एकादशी के पावन अवसर पर चारों ओर श्याम नाम की गूंज सुनाई दी। शहर के टेकरी स्थित श्री राज राजेश्वर महादेव मंदिर परिसर में बाबा श्याम का अलौकिक दरबार सजाया गया, जहाँ दर्शनों के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा।
श्री राज राजेश्वर महादेव सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बाबा श्याम का विशेष पुष्प श्रृंगार किया गया। समिति के संरक्षक धर्मेंद्र गुर्जर ने बताया कि एकादशी के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर को विशेष रोशनी और फूलों से सजाया गया था। बाबा का मनमोहक रूप देख भक्त भावविभोर हो गए और 'हारे के सहारे की जय' के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा।
सेवक राहुल निचलानी ने बताया कि श्रृंगार के साथ ही एक विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्याम प्रेमी एकत्रित हुए। भजनों की अमृत वर्षा के बीच भक्तों ने बाबा के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध गायक पंकज भंडारी एवं भजन संध्या में योगेश माली, संगीता सुथार, लता सोनी, लोकेश जाट और तीरथ माली जैसे कलाकारों ने एक से बढ़कर एक श्याम भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु स्वयं को झूमने से नहीं रोक पाए।
सेवक हरीश छाबड़ा ने बताया कि दर्शन के साथ ही समिति द्वारा भक्तों के लिए सुगम दर्शन व सुरक्षा की विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया गया। यह धार्मिक आयोजन देर रात तक चलता रहा, जिसमें न केवल स्थानीय निवासियों बल्कि शहर के विभिन्न कोनों से आए श्रद्धालुओं ने बाबा के चरणों में शीश नवाया।

No comments