उदयपुर। डबोक एयरपोर्ट रोड स्थित तुलसीदास सराय के निर्माणाधीन श्री खाटूश्याम मंदिर प्रांगण में शनिवार सायंकाल आयोजित श्री श्याम कीर्तन भक्ति...
उदयपुर। डबोक एयरपोर्ट रोड स्थित तुलसीदास सराय के निर्माणाधीन श्री खाटूश्याम मंदिर प्रांगण में शनिवार सायंकाल आयोजित श्री श्याम कीर्तन भक्ति आस्था का भव्य संगम बन गया। श्री श्याम सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में हुए इस आयोजन में शहर सहित आसपास क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्याम भक्त परिवार सहित पहुंचे और देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रहे। इस दौरान भक्त बाबा के भजनों पर झूमते हुए नजर आए
कीर्तन की शुरुआत बाबा श्याम के आकर्षक श्रृंगार और भव्य दरबार के दर्शन से हुई, जिसने पूरे पांडाल को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इसके बाद भजन संध्या में राजसमंद की सुप्रसिद्ध भजन गायिका रितु श्रीमाली, इतिशा अग्रवाल, अंजलि चिराग आचार्य और जमनाशंकर ने एक से बढ़कर एक मनमोहक श्याम भजन प्रस्तुत किए। “हारे के सहारे आजा” और “श्याम तेरी बंसी पुकारे” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा वातावरण जयकारों से गूंजता रहा।
उमेश म्यूजिकल ग्रुप, नीमच के साजिंदों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से भजनों में चार चांद लगा दिए, वहीं उत्कृष्ट साउंड व्यवस्था ने हर भजन को श्रोताओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया। आकर्षक लाइटिंग और सुंदर सजावट ने आयोजन को और भव्य बना दिया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया और अंत में सभी के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। आयोजन में महिलाओं, युवाओं और बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
श्री श्याम सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष शशिकांत खेतान ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी कलाकारों और श्रद्धालुओं का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भक्ति, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।


No comments