उदयपुर, 10 मई । नारायण सेवा संस्थान के बड़ी परिसर में रविवार को मदर्स डे संवेदनाओं, अपनत्व और ममता के भावों के साथ मनाया गया। देश के विभिन्...
उदयपुर, 10 मई । नारायण सेवा संस्थान के बड़ी परिसर में रविवार को मदर्स डे संवेदनाओं, अपनत्व और ममता के भावों के साथ मनाया गया। देश के विभिन्न स्थानों से उपचार एवं सेवा के लिए आए दिव्यांग बच्चों और उनकी माताओं के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम ने भावनात्मक माहौल बना दिया।
इस अवसर पर दिव्यांग बच्चों की माताओं का सम्मान किया गया तथा बच्चों के साथ आत्मीय संवाद कर उन्हें उपहार एवं स्मृति चिह्न भेंट किए गए। पूरे आयोजन के दौरान बच्चों की मुस्कान और माताओं के चेहरे पर संतोष का भाव देखने को मिला।
संस्थान निदेशक वंदना अग्रवाल ने कहा कि “माँ ईश्वर का वह स्वरूप है, जो हर परिस्थिति में अपने बच्चों का संबल बनकर उनके जीवन को संवारती है। विशेष रूप से दिव्यांग बच्चों की माताएँ त्याग, धैर्य और समर्पण की जीवंत मिसाल हैं।”
उन्होंने कहा कि संस्थान केवल उपचार ही नहीं बल्कि दिव्यांग परिवारों को भावनात्मक संबल देने का कार्य भी निरंतर कर रहा है। मदर्स डे जैसे आयोजन परिवारों के भीतर सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास बढ़ाने का माध्यम बनते हैं। कार्यक्रम के दौरान सेवा, संवेदना और मातृत्व का अनूठा संगम देखने को मिला। इस दौरान कई संस्थान साधक मौजूद रहे।

No comments