नई कार्यकारिणी में अंकिता झामर मंत्री, मीना वागरेचा कोषाध्यक्ष एवं स्नेहलता चंडालिया उपाध्यक्ष मनोनीत उदयपुर। श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्...
नई कार्यकारिणी में अंकिता झामर मंत्री, मीना वागरेचा कोषाध्यक्ष एवं स्नेहलता चंडालिया उपाध्यक्ष मनोनीतउदयपुर। श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रमण संघ सेक्टर-4 महिला मंडल के द्विवार्षिक चुनाव सौहार्द, एकता एवं संगठनात्मक समन्वय के वातावरण में निर्विरोध संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया श्रमण संघ सेक्टर-4 के अध्यक्ष नरेंद्र चंडालिया एवं मंत्री अरुण बया के निर्देशन में सम्पन्न हुई, जिसमें सर्वसम्मति से महिला मंडल की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
श्रमण संघ सेक्टर-4 के मंत्री अरुण बया ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी दो वर्षों के कार्यकाल के लिए विद्या खटवाड़ को महिला मंडल का अध्यक्ष, अंकिता झामर को मंत्री, मीना वागरेचा को कोषाध्यक्ष तथा स्नेहलता चंडालिया को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी पदाधिकारियों का चयन निर्विरोध एवं सर्वसम्मति से होने पर समाजजनों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
उन्होंने बताया कि महिला मंडल श्रमण संघ की सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सेवा गतिविधियों का महत्वपूर्ण अंग है। महिला मंडल समय-समय पर धार्मिक अनुष्ठान, संस्कार शिविर, सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम, सेवा प्रकल्प तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न आयोजन करता रहा है। नई कार्यकारिणी के गठन से इन गतिविधियों को और अधिक गति मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर उपस्थित समाजजनों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का अभिनंदन करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में महिला मंडल संगठन की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए समाजहित में नई पहल करेगा। साथ ही महिलाओं को सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों से जोड़ने, युवा पीढ़ी में संस्कारों का संवर्धन करने तथा सेवा कार्यों को विस्तार देने की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य किए जाएंगे।
नवनियुक्त अध्यक्ष विद्या खटवाड़ ने अपने उद्बोधन में कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण एवं टीम भावना के साथ किया जाएगा। उन्होंने महिला मंडल की सभी सदस्यों को साथ लेकर संगठन को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने का विश्वास दिलाया। वहीं मंत्री अंकिता झामर, कोषाध्यक्ष मीना वागरेचा एवं उपाध्यक्ष स्नेहलता चंडालिया ने भी महिला मंडल की गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठजनों एवं महिला मंडल की सदस्यों ने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की। सभी ने आशा व्यक्त की कि नई टीम संगठन की एकता, सेवा और संस्कारों की भावना को सुदृढ़ करते हुए समाज के विकास एवं कल्याण में महत्वपूर्ण योगदान देगी।


No comments