उदयपुर। नगर निगम के दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित शहरी सेवा शिविर 2026 के आठवें दिन भी सैकड़ों शहरवासियों ने पहुंचकर अपने लंबित एवं आवश...
उदयपुर। नगर निगम के दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित शहरी सेवा शिविर 2026 के आठवें दिन भी सैकड़ों शहरवासियों ने पहुंचकर अपने लंबित एवं आवश्यक कार्य संपन्न करवाए तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार नागरिकों को नगर निगम से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर त्वरित एवं सरलता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहरी सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। मंगलवार को आयोजित आठवें शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे तथा अपने विभिन्न कार्यों का निस्तारण करवाकर संतोष व्यक्त किया।
134 स्थानों पर बहाल हुई रोशनी
शिविर के दौरान स्ट्रीट लाइटों से संबंधित 152 शिकायतें प्राप्त हुईं। आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर विद्युत शाखा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 134 स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था बहाल कर दी। शेष शिकायतों पर कार्यवाही प्रगति पर है। इससे लंबे समय से अंधेरे में रहने वाले क्षेत्रों के नागरिकों को राहत मिली है।
लंबे समय से लंबित कार्यों का हुआ निस्तारण
निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि शिविर में कई ऐसे प्रकरणों का निस्तारण किया गया जो किसी कारणों से निगम में ही लंबित थे। जिसमें से नामांतरण के 6 प्रकरणों का निराकरण किया गया। सफाई व्यवस्था से संबंधित 63 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 60 शिकायतों का तुरंत ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष पर कार्यवाही जारी है। इसके अतिरिक्त विवाह पंजीयन तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित 162 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें दस्तावेज पूर्ण पाए जाने पर 138 आवेदकों को मौके पर ही प्रमाण पत्र जारी किए गए। इसी तरह समाज कल्याण विभाग के 865 प्रकरणों, सामाजिक सुरक्षा पेंशन कार्य के 12 प्रकरण का निस्तारण किया गया। शिविर में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग से 65 लोगो ने स्वास्थ्य का लाभ लिया।
शिविर में जारी हुए 7 पट्टे, 2 निर्माण स्वीकृति
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि मंगलवार को आयोजित शहरी सेवा शिविर में 69 क के 5 पट्टे एवं लीज होल्ड से फ्री होल्ड के 2 पट्टे जारी किए गए। इसी के साथ भवन निर्माण अनुमति शाखा द्वारा दो निर्माण स्वीकृति भी जारी की गई है। अपने वंचित कार्य होने पर शहर वासी बहुत खुश हुए, उन्होंने राज्य सरकार एवं नगर निगम का धन्यवाद ज्ञापित किया।
35 पेड़ लगाए
शिव को हरा भरा बनाने की विधि से शहरी सेवा शिविर के अंतर्गत शहर के विभिन्न उद्यानों में 35 पेड़ लगाए गए।

No comments