-राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय पेंशनर्स महासंघ ने की सराहना उदयपुर, 22 जून। राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय पेंशनर्स महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष इंजी...
-राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय पेंशनर्स महासंघ ने की सराहना
उदयपुर, 22 जून। राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय पेंशनर्स महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर वीरेंद्र सिंह सोलंकी एवं प्रदेश महामंत्री इंजीनियर अरविंद कौशल ने स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय, बीकानेर पेंशनर्स कल्याण समिति द्वारा पेंशनर्स की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए किए गए सफल प्रयासों एवं सकारात्मक परिणामों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए समिति के अध्यक्ष मनफूल मांगलिया एवं महामंत्री नेमाराम जाट सहित समस्त पदाधिकारियों एवं पेंशनर्स को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
महासंघ प्रदेश महामंत्री अरविंद कौशल ने बताया कि सोमवार को स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय, बीकानेर में पेंशनर्स कल्याण समिति के नेतृत्व में पेंशनर्स की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर किए गए शांतिपूर्ण धरना-आंदोलन के पश्चात कुलगुरु डॉ. राजेंद्र बाबू दुबे के साथ हुई वार्ता अत्यंत सकारात्मक एवं सफल रही।
वार्ता के दौरान पेंशनर्स की प्रमुख समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। कुलगुरु ने पेंशनर्स की समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए इस माह की पेंशन का भुगतान शीघ्र करवाने तथा महंगाई भत्ते में वृद्धि हेतु किए जा रहे प्रयासों से अवगत करवाया एवं शीघ्र लाभ दिलाने का विश्वास दिलाया।
इसके साथ ही सेवानिवृत्त कार्मिकों की ग्रेच्युटी एवं पीएफ की बकाया राशि का भुगतान जून माह में ही करवाने, पेंशनर्स के सातवें वेतनमान के अनुसार किए गए पेंशन स्थिरीकरण के आधार पर शीघ्र भुगतान करवाने, सेवानिवृत्त होने वाले कार्मिकों को पीपीओ सेवानिवृत्ति से पूर्व जारी करवाने तथा लंबित ऑडिट पैरा का शीघ्र निस्तारण करवाने का भी आश्वासन दिया गया।
राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय पेंशनर्स महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय पेंशनर्स कल्याण समिति द्वारा लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से उठाई गई आवाज तथा संगठनात्मक एकजुटता से यह सकारात्मक परिणाम संभव हुआ है। महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र कुमार भटनागर, डॉ. अरुण कुमार शर्मा, डॉ. आर.पी. चावड़ा, मनफूल मांगलिया एवं मूलचंद जाट ने कहा कि पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान के लिए सभी संगठनों का एकजुट प्रयास अत्यंत आवश्यक है।
महासंघ के प्रदेश सचिव डॉ. भारत सिंह भीमावत, नेमाराम जाट, मोहनलाल चांगवाल, डॉ. भूपेंद्र उपाध्याय, महावीर शर्मा तथा प्रदेश संगठन मंत्री एस.वी. सहाय ने भी इस सफल वार्ता को पेंशनर्स हित में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय पेंशनर्स महासंघ ने राजस्थान के सभी पांचों कृषि विश्वविद्यालयों के पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि महासंघ प्रत्येक पेंशनर्स के अधिकारों, सम्मान एवं कल्याण के लिए सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर हर स्तर पर सहयोग प्रदान करेगा।
अंत में महासंघ की ओर से स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय पेंशनर्स कल्याण समिति के अध्यक्ष मनफूल मांगलिया, महामंत्री नेमाराम जाट एवं सभी पदाधिकारियों तथा पेंशनर्स साथियों को बधाई दी।

No comments