नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की आधारशिला: रतन तिवारी उदयपुर, 24 जून। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित नशामुक्त भारत अभियान ...
नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की आधारशिला: रतन तिवारी
उदयपुर, 24 जून। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विभाग से मान्यता प्राप्त कायाकल्प सेवा संस्थान द्वारा बुधवार को सनराइज मेडिकल कॉलेज, उमरड़ा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, सकारात्मक एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और नशा मुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कॉलेज की प्रोफेसर सीमा वाधवानी एवं प्रिंसिपल राघवेंद्र भदोरिया सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन यशपाल सोलंकी के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थय को ही नहीं बल्कि उसके परिवार, सामाजिक जीवन, शिक्षा, रोजगार और भविष्य को भी प्रभावित करता है। तंबाकू, शराब, मादक पदार्थ एवं अन्य नशे युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा को नष्ट कर देते हैं। वर्तमान समय में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है, जिसका मुकाबला जनजागरण, शिक्षा और सामूहिक सहभागिता से ही संभव है।
कायाकल्प सेवा संस्थान के काउंसलर रतन तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। यदि युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, शोध, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण में लगाएं तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता। नशा व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता को कमजोर करता है और उसे धीरे-धीरे शारीरिक, मानसिक तथा आर्थिक रूप से खोखला बना देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे सोशल मीडिया, मित्र मंडली और अपने दैनिक जीवन में नशा विरोधी संदेशों को बढ़ावा दें तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर दूसरों के लिए प्रेरणा बनें।कार्यक्रम के अंत में सनराइज मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर द्वारा कायाकल्प सेवा संस्थान के काउंसलर रतन तिवारी, यश जोशी, विकास सालवी, भैरू तेली एवं अजय चौधरी का उपरना ओढ़ाकर सम्मान किया गया। सभी अतिथियों ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
दिलाई गई नशा मुक्ति की शपथ
कार्यक्रम में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं ने नशा मुक्त भारत के निर्माण हेतु शपथ ली। उन्होंने संकल्प किया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे।

No comments