उदयपुर। हृदय रोगों की रोकथाम, आधुनिक उपचार पद्धतियों और हृदय चिकित्सा के क्षेत्र में हो रहे नवीन बदलावों पर मंथन के लिए 9वां कार्डियक समिट उ...
उदयपुर। हृदय रोगों की रोकथाम, आधुनिक उपचार पद्धतियों और हृदय चिकित्सा के क्षेत्र में हो रहे नवीन बदलावों पर मंथन के लिए 9वां कार्डियक समिट उदयपुर 2026 का आयोजन 26 एवं 27 सितंबर को द अनंता, उदयपुर में किया जा रहा है। दो दिवसीय इस राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन हार्ट एंड रिदम सोसायटी, उदयपुर द्वारा किया जा रहा है। इस वर्ष समिट की थीम "Reimagining Cardiac Care - Precision, Prevention, Personalisation" रखी गई है।
सम्मेलन के कॉन्फ्रेंस चेयरपर्सन डॉ. अमित खंडेलवाल ने बताया कि कार्डियक समिट का यह नौवां संस्करण है। पिछले आठ संस्करणों की सफलता के बाद इस वर्ष सम्मेलन को और व्यापक स्वरूप दिया गया है। देशभर से साढ़े तीन सौ से अधिक जाने-माने हृदय रोग विशेषज्ञ एवं फिजिशियंस इस सम्मेलन में भाग लेंगे। देश के विभिन्न प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों से आने वाले विशेषज्ञ दो दिनों तक अपने अनुभव साझा करेंगे और हृदय रोगों की रोकथाम, उपचार तथा हृदय चिकित्सा में हो रहे नवीन बदलावों पर मंथन करेंगे। सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ भी शामिल हो रहे हैं।
डॉ. खंडेलवाल ने बताया कि हृदय रोगों के उपचार का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। आज चिकित्सा का उद्देश्य केवल बीमारी होने के बाद उसका उपचार करना नहीं, बल्कि समय रहते हृदय रोग के जोखिम की पहचान, उसकी रोकथाम और प्रत्येक मरीज की आवश्यकता के अनुरूप बेहतर एवं सटीक उपचार उपलब्ध कराना भी है। इसी सोच को इस वर्ष की थीम "Reimagining Cardiac Care - Precision, Prevention, Personalisation" में समाहित किया गया है।
आधुनिक हृदय चिकित्सा पर होगा मंथन
दो दिवसीय वैज्ञानिक कार्यक्रम में हृदय रोगों की रोकथाम, हार्ट फेल्योर, हृदय की अनियमित धड़कन, उच्च रक्तचाप, कोरोनरी धमनी रोग, आधुनिक एंजियोप्लास्टी और हृदय की संरचनात्मक बीमारियों के उपचार सहित हृदय चिकित्सा के प्रमुख विषयों पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे। इसके साथ ही नई तकनीकों और भविष्य की हृदय चिकित्सा पर भी विचार-विमर्श होगा। विभिन्न संवादात्मक सत्रों और परिचर्चाओं के माध्यम से रोजमर्रा की चिकित्सा में आने वाली चुनौतियों तथा मरीजों के उपचार से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों पर विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे।
डॉ. अमित खंडेलवाल ने कहा, "चिकित्सा विज्ञान और हृदय रोगों के उपचार में बहुत तेजी से बदलाव हो रहे हैं। हमारा प्रयास है कि देश के विशेषज्ञ एक मंच पर अपने ज्ञान और अनुभव साझा करें और नवीनतम वैज्ञानिक प्रगति का लाभअंततः मरीजों तक पहुंचे। नई तकनीक तभी सार्थक है जब वह सही मरीज तक, सही समय पर और सही तरीके से पहुंचे।"
उन्होंने कहा कि पिछले आठ संस्करणों में देशभर के विशेषज्ञों और राजस्थान के चिकित्सकों से मिले सहयोग एवं सहभागिता ने कार्डियक समिट उदयपुर को लगातार आगे बढ़ाया है। नौवें संस्करण में भी हमारा उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों और चिकित्सकों के बीच ज्ञान, अनुभव और नवीन चिकित्सा पद्धतियों के आदान-प्रदान के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है।
हार्ट एंड रिदम सोसायटी, उदयपुर द्वारा आयोजित यह दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन 27 सितंबर को संपन्न होगा। डॉ. अमित खंडेलवाल इस सम्मेलन के कॉन्फ्रेंस चेयरपर्सन होने के साथ हार्ट एंड रिदम सोसायटी, उदयपुर के अध्यक्ष भी हैं।

No comments