उदयपुर, 25 सितम्बर 2026। उदयपुर शहर में 48 घंटे के स्थान पर 72 घंटे के अंतराल से पेयजल आपूर्ति किए जाने के निर्णय के विरोध में उदयपुर शहर जि...
उदयपुर, 25 सितम्बर 2026। उदयपुर शहर में 48 घंटे के स्थान पर 72 घंटे के अंतराल से पेयजल आपूर्ति किए जाने के निर्णय के विरोध में उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को तत्काल पूर्ववत करने तथा उदयपुर शहर में नियमित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उदयपुर जैसे तेजी से बढ़ते हुए शहर में पहले ही 48 घंटे के अंतराल से पेयजल आपूर्ति के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में 48 घंटे की अवधि को बढ़ाकर 72 घंटे करना जनता की परेशानी को और बढ़ाने वाला निर्णय है। इससे विशेष रूप से मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के परिवारों, महिलाओं, बुजुर्गों, किराएदारों तथा छोटे व्यवसायियों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने कहा कि उदयपुर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करते समय नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा 24 घंटे पेयजल आपूर्ति जैसे लक्ष्य सामने रखे गए थे। लेकिन 24 घंटे नियमित जलापूर्ति तो दूर, अब 48 घंटे की व्यवस्था को भी बढ़ाकर 72 घंटे किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस निर्णय को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगी और जनता के पेयजल अधिकार के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि 72 घंटे के अंतराल से पेयजल आपूर्ति का निर्णय तत्काल वापस लिया जाए, 48 घंटे की व्यवस्था बहाल की जाए तथा चरणबद्ध रूप से उदयपुर शहर में 24 घंटे नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए। साथ ही शहर की बढ़ती आबादी को देखते हुए पेयजल स्रोतों एवं वितरण व्यवस्था को मजबूत करने की भी मांग की गई।
फतह सिंह राठौड़ ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जनता की इस गंभीर समस्या का तत्काल समाधान नहीं किया तो उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता आमजन के साथ मिलकर सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक लोकतांत्रिक तरीके से कड़ा विरोध दर्ज करवाएंगे और पेयजल व्यवस्था में सुधार होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री दिनेश कुमार दवे ने बताया कि ज्ञापन देने के दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा, संगठन महासचिव अरुण टांक, उपाध्यक्ष लोकेश चौधरी, शिवराज सिंह धाबाई, महामंत्री दिनेश कुमार दवे, राजेंद्र शर्मा, पंकज पालीवाल, राजेश चुग, राजेश खत्री, गौरव प्रताप सिंह, मुस्तफा शेख, पार्षद स्नेहलता टांक, प्रतीक नागर, सुरेश सोलंकी, धर्मेश मालवीय, शहजाद खान, सुरेश औदीच्य, सूर्य प्रकाश उपाध्याय, नितेश वैष्णव, सन्नू खान, भगवती लाल साहू, मोहित मेनारिया, देवकिशन मंडावलिया, हिरदांशु जैन, अशोक छापरवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

No comments