उदयपुर, 18 सितंबर। अखिल भारतीय औदीच्य महासभा की राजस्थान प्रदेश महिला इकाई की प्रथम बैठक आज उदयपुर में आयोजित हुई। बैठक में राजस्थान प्रदेश ...
उदयपुर, 18 सितंबर। अखिल भारतीय औदीच्य महासभा की राजस्थान प्रदेश महिला इकाई की प्रथम बैठक आज उदयपुर में आयोजित हुई। बैठक में राजस्थान प्रदेश की नवनियुक्त महिला पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा समाज के संगठनात्मक विस्तार, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक उत्थान को लेकर महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
बैठक की अध्यक्षता सहस्त्र औदीच्य समाज ट्रस्ट, उदयपुर की अध्यक्ष श्रीमती इंदिरा शर्मा ने की। उन्होंने राजस्थान प्रदेश की सभी नवनियुक्त महिला पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज की प्रगति एवं एकजुटता में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिला इकाई से समाज की महिलाओं को अधिक से अधिक जोड़ने तथा सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
राजस्थान प्रदेश महिला इकाई की अध्यक्ष श्रीमती सुधा व्यास ने आगामी समय में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, महिला सशक्तिकरण एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि महिला इकाई द्वारा समाज की महिलाओं को संगठित करते हुए शिक्षा, संस्कार, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक उत्थान से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही समाज की गौरवशाली परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर राजस्थान प्रदेश महिला इकाई की कार्यकारिणी के पोस्टर का विमोचन अध्यक्ष श्रीमती इंदिरा शर्मा, प्रदेश महिला अध्यक्ष श्रीमती सुधा व्यास, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. रेखा व्यास, श्रीमती कुसुम शर्मा सहित कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा किया गया।
बैठक में उपस्थित सभी महिला पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने समाज को अधिक मजबूत, संगठित एवं सशक्त बनाने तथा आगामी सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक आयोजित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन राजस्थान प्रदेश महिला इकाई की महामंत्री श्रीमती सरोज व्यास ने किया। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया।

No comments