बीएन कॉलेज ग्राउंड में होगी बाबा श्याम की भजन संध्या, पुष्प व इत्र की बारिश, कलकता से आएंगे फूल, 3 जगह होगी पार्किंग की सुविधा उदयपुर। उदयपु...
बीएन कॉलेज ग्राउंड में होगी बाबा श्याम की भजन संध्या, पुष्प व इत्र की बारिश, कलकता से आएंगे फूल, 3 जगह होगी पार्किंग की सुविधा
उदयपुर। उदयपुर में 24 अक्टूबर को एक शाम बाबा श्याम के नाम संध्या में उदयपुर में पहली बार जाने माने भजन गायक कन्हैया मित्तल प्रस्तुति देंगे। जो राम को लाए हैं हम उनको लाए हैं भजन से फैमस हुए कन्हैया मित्तल पिछले दिनों कांग्रेस जॉइन करने की खबरों के बाद दो दिन में ही अपना मानस बदल देने से भी चर्चित हुए हैं।
श्री श्याम परिवार उदयपुर (मेवाड़) की ओर से गुरुवार शाम 7 बजे एक शाम बाबा श्याम के नाम भव्य भजन संध्या का आयोजन बीएन कॉलेज ग्राउंड, सेवाश्रम उदयपुर में होने जा रहा है। श्री श्याम परिवार के अध्यक्ष यशवंत सुहालका व महामंत्री वीरेंद्र सिंह सिसोदिया ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मेवाड़ की पुण्य धरा पर पहली बार भजन सम्राट कन्हैया मित्तल (चंडीगढ) अपनी आवाज से बाबा श्याम के भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। कन्हैया मित्तल के अलावा भी प्रसिद्ध भजन कलाकार गोकुल शर्मा, जगदीश वैष्णव, त्रिशा सुथार सहित कई भजन कलाकार भजनों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर बाबा श्याम का सुरों से श्रृंगार करेंगे। इस मौके पर खाटूश्याम मंदिर सीकर के श्री श्याम कमेटी के मंत्री एवं निज मंदिर के पूजारी मानवेंद्र सिंह चौहान का सानिध्य प्राप्त होगा। साथ ही बाबा का पावन दरबार भव्य तरीके से सजाया जाएगा। वहीं बाबा श्याम का शीश और दरबार जयपुर से आएगा जबकि कलकता से फूल मंगवाए गए है।
श्री श्याम परिवार के मंत्री जयवर्द्धन सिंह चौहान व नरेंद्र चौधरी ने बताया एक शाम बाबा श्याम के नाम होने वाली भजन संध्या में पुष्प एवं इत्र वर्षा मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी। भजन संध्या के लिए पिछले तीन दिनों से जयपुर से आए कलाकार दरबार सजाने की तैयारियां कर रहे हैं। वहीं भजन संध्या में बाबा श्याम को छप्पन भोग धराया जाएगा और 5 क्विंटल छप्पन भोग का प्रसाद वितरित किया जाएगा। शाम 7 बजे से अखंड ज्योत प्रज्जवलित होगी जिसके दर्शन के लिए बाबा श्याम के भक्त उमड़ेंगे। महाआरती के दौरान शहर के सैकड़ों श्रद्धालु आएंगे।
भजन संध्या में सहकारिता व नागरिक उडयन मंत्री एवं बड़ीसादडी के विधायक गौतम दक, पुलिस महानिरीक्षक राजेश मीणा, पूर्व विधायक प्रीति गजेंद्र सिंह शक्तावत, चित्तौडगढ सांसद सी.पी जोशी, कलेक्टर अरविंद पोसवाल आदि मुख्य आमंत्रित अतिथि के रूप शामिल होंगे। आयोयक मंडल के राकेश सुहालका ने बताया कि भजन संध्या को लेकर बीएन कॉलेज ग्राउंड में भूमि पूजन किया गया। उन्होंने बताया कि भजन संध्या के लिए तीन जगह पार्किंग की सुविधा रहेगी।

No comments