अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 की तैयारियों के अंतर्गत 8 जून को गणगौर घाट, उदयपुर पर योग प्रोटोकॉल पूर्वाभ्यास का आयोजन होगा अंतर्राष्ट्रीय य...
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 की तैयारियों के अंतर्गत 8 जून को गणगौर घाट, उदयपुर पर योग प्रोटोकॉल पूर्वाभ्यास का आयोजन होगा
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अंतर्गत उदयपुर जिले में प्रत्येक ब्लॉक स्तर, पंचायत स्तर पर योग प्रोटोकॉल का काउंटडाउन पूर्वाभ्यास आयोजित किया जा रहा है: मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिया डाभी
उदयपुर, दिनांक 7 जून 2025: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 की तैयारियों को सफल एवं भव्य बनाने के लिए जिला प्रशासन, आयुर्वेद विभाग, मदन मोहन मालवीय आयुर्वेद महाविद्यालय, नगर निगम, नगर विकास प्राधिकरण, पतंजलि योग समिति, भारत विकास परिषद्, आर्ट ऑफ़ लिविंग एवं अन्य स्वयं सेवी संगठनो के संयुक्त तत्वावधान में 8 जून 2025 (रविवार) को प्रातः 6:30 बजे से 8:00 बजे तक ऐतिहासिक गणगौर घाट, उदयपुर पर योग प्रोटोकॉल पूर्वाभ्यास का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों में योग के प्रति जागरूकता लाना, उन्हें नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित करना एवं 21 जून को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करना है। यह आयोजन उदयपुरवासियों के लिए एक सुनहरा अवसर है, जहाँ वे प्राचीन भारतीय योग परंपरा से जुड़कर शारीरिक, मानसिक और आत्मिक स्वास्थ्य की ओर अग्रसर हो सकते हैं।
इस आयोजन में उदयपुर जिले के प्रमुख प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। जिला कलक्टर नमित मेहता, जिला समन्वयक एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर वार सिंह, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश, शहर नोडल अधिकारी, उपनिदेशक, आयुर्वेद विभाग एवं नोडल अधिकारी डॉ. राजीव भट्ट, तथा सहायक नोडल अधिकारी डॉ. शोभालाल औदीच्य कार्यक्रम में भाग लेंगे तथा योग प्रोटोकॉल के अभ्यास में सहभागी बनेंगे।
जिला कलक्टर नमित मेहता ने बताया कि “झीलों की नगरी उदयपुर में इस बार गाँधी ग्राउंड के साथ मुख्य पर्यटक स्थलों पर योग करवाया जायेगा । योग न केवल स्वास्थ्य का माध्यम है, बल्कि यह अनुशासन, आत्म-नियंत्रण और मानसिक शांति की ओर भी मार्ग प्रशस्त करता है। जनभागीदारी से ही योग को जन-जन तक पहुँचाया जा सकता है, और ऐसे आयोजनों से सामाजिक समरसता एवं जागरूकता दोनों का विस्तार होता है।”
अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं जिला समन्वयक वार सिंह ने जानकारी दी कि “गणगौर घाट पर आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, सामाजिक संस्थाओं एवं स्वयंसेवी संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। आयोजन की व्यापक तैयारी की गई है ताकि सभी नागरिक सुव्यवस्थित रूप से योग का अभ्यास कर सकें।”
नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश शहर नोडल अधिकारी ने कहा कि “गणगौर घाट न केवल उदयपुर का सांस्कृतिक प्रतीक है, बल्कि एक शांत वातावरण भी प्रदान करता है जो योगाभ्यास के लिए आदर्श है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद, रिया डाभी ने बताया कि “अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अंतर्गत उदयपुर जिले में प्रत्येक ब्लॉक स्तर, पंचायत स्तर पर योग प्रोटोकॉल का काउंटडाउन पूर्वाभ्यास आयोजित किया जा रहा है। ग्रामीण स्तर पर भी लोगों को योग के प्रति जागरूक करने हेतु जिला परिषद सक्रिय भूमिका निभा रही है।”
डॉ. राजीव भट्ट, उपनिदेशक, आयुर्वेद विभाग एवं नोडल अधिकारी ने जानकारी दी कि “इस आयोजन में प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा सामान्य योग प्रोटोकॉल का अभ्यास करवाया जाएगा, जिसमें ताड़ासन, वज्रासन, त्रिकोणासन, भ्रामरी प्राणायाम, कपालभाति, अनुलोम-विलोम आदि सम्मिलित हैं। यह अभ्यास सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए उपयुक्त एवं लाभकारी है।”
सहायक नोडल अधिकारी डॉ. शोभालाल औदीच्य ने बताया कि “योग स्थल की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। आयोजन स्थल पर मंच, ध्वनि व्यवस्था, जल एवं प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्रतिभागियों से आग्रह है कि वे अपनी योगा मैट साथ लेकर आएँ और समय पर उपस्थित हों।”
इस आयोजन में भाग लेने के लिए पंजीकरण की आवश्यकता नहीं है। यह कार्यक्रम सर्वसुलभ, निःशुल्क एवं सभी आयु वर्ग के नागरिकों के लिए खुला है। प्रतिभागियों को प्रातः 6:15 बजे तक गणगौर घाट पहुँचने का अनुरोध किया गया है, जिससे समय पर कार्यक्रम की शुरुआत सुनिश्चित की जा सके।
इस योग अभ्यास कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश देना है कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है, जो मन, मस्तिष्क और शरीर को एकाग्र कर मानव को संपूर्ण स्वास्थ्य की ओर ले जाता है। इसके नियमित अभ्यास से न केवल बीमारियों से मुक्ति मिलती है, बल्कि जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और आत्मबल का भी विकास होता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी “मैं नियमित योग करूंगा और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करूंगा” इस संकल्प के साथ आयोजन का समापन करेंगे।

No comments