उदयपुर। सिंधी समाज के आराध्य भगवान झूलेलाल के पावन जन्मोत्सव चेटीचंड महोत्सव के उपलक्ष्य में शहर में सिंधी समाज की एकता, उत्साह और सामाजिक ज...
उदयपुर। सिंधी समाज के आराध्य भगवान झूलेलाल के पावन जन्मोत्सव चेटीचंड महोत्सव के उपलक्ष्य में शहर में सिंधी समाज की एकता, उत्साह और सामाजिक जागरूकता को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से भव्य “सिंधी वॉकाथॉन 2.0” का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में शक्ति नगर स्थित कार्यालय में समाज के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित कर कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तय की गई तथा विभिन्न समितियों का गठन कर कार्यभार सौंपे गए।
कार्यक्रम के संयोजक संजय खथूरिया एवं कपिल नाचानी ने बताया कि शहर के विभिन्न सिंधी संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में यह वॉकाथॉन 15 मार्च 2026, रविवार को प्रातः 6 बजे फतेहसागर झील क्षेत्र में आयोजित की जाएगी। वॉकाथॉन की शुरुआत फतेहसागर से होगी और लगभग 1.5 किलोमीटर की सामूहिक वॉक करते हुए प्रतिभागी फतेहसागर पाल तक पहुंचेंगे। इस आयोजन में सिंधी समाज के महिला-पुरुष, युवा, बच्चे और वरिष्ठजन बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
संगठन के शैलेश कटारिया ने बताया कि इस वॉकाथॉन का शुभारंभ राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा। उनके सान्निध्य में यह आयोजन समाज के लिए विशेष महत्व रखेगा।
सतीश वाधवानी ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित वॉकाथॉन में सुबह 6 बजे इतनी बड़ी संख्या में सिंधी समाज की भागीदारी ने सभी उदयपुरवासियों को आश्चर्यचकित कर दिया था। समाजजनों के अभूतपूर्व उत्साह और सहयोग से कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा था। इसी उत्साह को देखते हुए इस वर्ष आयोजन को और अधिक भव्य और सुव्यवस्थित बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। संगठन के मुकेश गखरेजा ने बताया कि आयोजन की विशेषता यह रहेगी कि सभी प्रतिभागी एक समान रंग की टी-शर्ट और कैप पहनकर वॉक में शामिल होंगे, जिससे समाज की एकजुटता और संगठित शक्ति का आकर्षक दृश्य देखने को मिलेगा। कार्यक्रम के माध्यम से सिंधी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक सद्भाव का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
संगठन के अमन असनानी ने बताया कि इस बार वॉकाथॉन को सामाजिक जागरूकता से भी जोड़ा गया है। आयोजन के दौरान इलेक्ट्रिक वाहन के माध्यम से “स्वच्छ उदयपुर” और “झीलों को बचाओ” का संदेश शहरवासियों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति लोगों को प्रेरित किया जा सके। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधों का वितरण भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के समापन पर उदयपुर के आयुष अरोडा द्वारा प्रतिभागियों के लिए जुंबा एक्सरसाइज कराई जाएगी, जिससे वॉकाथॉन के बाद प्रतिभागियों की थकावट दूर होगी और सभी उत्साहपूर्वक इस गतिविधि का आनंद ले सकेंगे। इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की जाएगी।
आयोजक विनोद वाधवानी के अनुसार इस वॉकाथॉन में लगभग 1500 से अधिक समाजजनों के शामिल होने की संभावना है।
बैठक में अमन असनानी, शैलेश कटारिया, विनोद वाधवानी, कपिल नाचानी, संजय खथूरिया, मुकेश गखरेजा, सतीश वाधवानी सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपने विचार रखते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की और आयोजन की रूपरेखा तैयार की।
यह आयोजन न केवल चेटीचंड महोत्सव की खुशियों को और बढ़ाएगा, बल्कि सिंधी समाज की एकता, स्वच्छ उदयपुर,सामाजिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश भी पूरे शहर में प्रसारित होगी।

No comments