महिला आरक्षण बिल को लेकर उदयपुर में की प्रेस वार्ता उदयपुर 21 अप्रैल। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय प्रवक्ता पंखुरी पाठक ने मंगलवा...
महिला आरक्षण बिल को लेकर उदयपुर में की प्रेस वार्ता
उदयपुर 21 अप्रैल। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय प्रवक्ता पंखुरी पाठक ने मंगलवार को उदयपुर स्थित आरटीडीसी कजरी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश में एक अत्यंत महत्वपूर्ण मुद्दे को लेकर नई बहस छेड़ी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बहस भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक राजनीतिक षड्यंत्र के तहत खड़ी की गई है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी स्वयं को महिलाओं का सबसे बड़ा हितैषी बताने का प्रयास कर रही है और यह प्रचारित किया जा रहा है कि महिला आरक्षण के रास्ते में विपक्ष बाधा बन रहा है, जबकि इसके पीछे की वास्तविकता कुछ और ही है।
एक महिला होने के नाते पंखुरी पाठक ने कहा कि महिला आरक्षण जैसे गंभीर विषय पर भाजपा तुच्छ राजनीति कर रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में दो राज्यों में विधानसभा चुनाव के बीच संसद का विशेष सत्र बुलाया गया, जबकि संसद सदस्यों को यह तक जानकारी नहीं थी कि चर्चा किस विषय पर होगी। मीडिया के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि महिलाओं के हित में बड़ा निर्णय लिया जाएगा और प्रधानमंत्री बड़ी घोषणा करने वाले हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिस विधेयक पर चर्चा होनी थी उसका ड्राफ्ट पहले से सांसदों को उपलब्ध नहीं कराया गया। विपक्षी दलों द्वारा ऑल पार्टी मीटिंग बुलाने की मांग भी ठुकरा दी गई और सीधे विशेष सत्र आयोजित कर दिया गया।
पंखुरी पाठक ने कहा कि जब विधेयक का मसौदा सामने आया तो स्पष्ट हुआ कि महिला आरक्षण की आड़ में राजनीतिक और असंवैधानिक परिसीमन की योजना बनाई गई है। उन्होंने दावा किया कि यह परिसीमन पुराने आंकड़ों, विशेष रूप से वर्ष 2012 की जनगणना संबंधी डेटा के आधार पर करने का प्रयास था, जिससे देश की संघीय संरचना, राज्यों की स्वायत्तता तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सहित पूरे विपक्ष ने इस प्रस्ताव का विरोध किया और विपक्ष की एकजुटता के कारण परिसीमन से संबंधित विधेयक पारित नहीं हो सका। उनके अनुसार भाजपा राजनीतिक लाभ लेने और लंबे समय तक सत्ता में बने रहने के उद्देश्य से देश के राजनीतिक ढांचे में बदलाव करना चाहती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पास आगामी चुनावों के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है, जनता महंगाई, बेरोजगारी और मूलभूत समस्याओं से परेशान है। ऐसे में राजनीतिक लाभ के लिए महिला आरक्षण के नाम पर भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने असम और जम्मू-कश्मीर में हुए परिसीमन का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी राजनीतिक लाभ के अनुरूप सीमांकन किया गया।
पंखुरी पाठक ने कहा कि महिला आरक्षण के नाम पर देश के नक्शे और लोकतांत्रिक संतुलन को बदलने की कोशिश की जा रही है, जिसे संसद में विपक्ष ने विफल किया। उन्होंने भाजपा द्वारा इस मुद्दे को प्रस्तुत करने के तरीके को शर्मनाक बताते हुए देश की महिलाओं से सच्चाई समझने की अपील की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का महिला सशक्तिकरण का इतिहास आज का नहीं बल्कि आज़ादी से पहले का रहा है। स्वतंत्रता के समय पुरुषों के साथ महिलाओं को समान अधिकार देने की सोच कांग्रेस की विचारधारा का हिस्सा रही है और पार्टी लगातार महिलाओं के अधिकारों व आरक्षण की मांग करती रही है।
प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व सांसद रघुवीर मीणा, प्रदेश प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा, उदयपुर शहर जिला अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़, दिनेश दवे, अशोक तंबोली, पंकज पालीवाल, फिरोज अहमद शेख, मोहसिन खान, शाहिद हुसैन, संजय मंदवानी, संतोष प्रजापत, कौशल नागदा, संजीव राजपुरोहित, सज्जाद भाई सहित कई कांग्रेस नेता उपस्थित थे।
इससे पूर्व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय प्रवक्ता पंखुरी पाठक के उदयपुर आगमन पर उनका स्वागत किया गया।
महाराणा प्रताप डबोक एयरपोर्ट, उदयपुर पर पहुंचने पर शहर कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष फतेह सिंह राठौड़ एवं प्रदेश महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने मेवाड़ी पगड़ी एवं तिरंगा ऊपरना पहनाकर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर अशोक तंबोली एवं शाहिद हुसैन, संजीव राजपुरोहित सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

No comments