Page Nav

HIDE

Classic Header

{fbt_classic_header}

breaking news

latest

राष्ट्रसंत आचार्य पुलक सागर के अवतरण दिवस पर भक्ति, सेवा और उत्साह का संगम

- त्रिदिवसीय कार्यक्रम श्रृंखला का आगाज, विशाल रक्तदान शिविर में 50 यूनिट रक्तदान - 10 मई को सर्वऋतु विलास जिनालय में भव्य भक्ति संध्या का ह...


- त्रिदिवसीय कार्यक्रम श्रृंखला का आगाज, विशाल रक्तदान शिविर में 50 यूनिट रक्तदान

- 10 मई को सर्वऋतु विलास जिनालय में भव्य भक्ति संध्या का होगा आयोजन  

उदयपुर, 9 मई। आचार्य पुलक सागर के 56 वें अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में उदयपुर में श्रद्धा, सेवा और धार्मिक उल्लास से ओतप्रोत त्रिदिवसीय कार्यक्रम श्रृंखला का भव्य शुभारंभ हुआ। पुलक मंच परिवार उदयपुर के तत्वावधान में आयोजित इस विशेष आयोजन में समाजजनों और धर्म प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गुरु भक्ति के साथ सेवा कार्यों में भी अपनी सहभागिता निभाई।

पुलक मंच परिवार उदयपुर के अध्यक्ष विनोद फान्दोत ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत विशाल रक्तदान शिविर से हुई, जिसका आयोजन प्रात: 8.30 बजे सरल ब्लड बैंक में किया गया। शिविर में युवाओं, महिलाओं और समाजजनों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया तथा करीब 50 यूनिट रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। रक्तवीरों में सेवा भावना और उत्साह देखते ही बन रहा था। आचार्यश्री के अवतरण दिवस को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे सेवा, संस्कार और समाजहित से जोड़ने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और इस आयोजन के माध्यम से जरूरतमंदों को जीवनदान देने की प्रेरणा भी समाज को दी जा रही है।

महामंत्री प्रकाश सिंघवी ने जानकारी देते हुए बताया कि रक्तदान शिविर का सफल संचालन संयोजक पन्नालाल बोहरा एवं दिपेश कड़वावत के संयोजन में किया गया। शिविर में सभी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया गया तथा उन्हें सम्मानित भी किया गया। आयोजन के दौरान सामाजिक समरसता और सेवा भावना का अनूठा वातावरण देखने को मिला। रक्तदान शिविर में प्रमुख रूप से त्रिशला डागरिया, अभिलाषा जैन, अंजना गंगवाल, अर्चना चित्तौड़ा, राजेन्द्र चित्तौड़ा एवं विनीता हिंसावत सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। इसके अलावा उज्ज्वल दोवडिय़ा, लोकेश भंवरा, रचना कोठारी, रागिनी भाणावत सहित बड़ी संख्या में पुलक मंच परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

कार्यक्रम श्रृंखला के अगले चरण में 10 मई को सर्वऋतु विलास जिनालय में भव्य भक्तिसंध्या का आयोजन किया जाएगा। भक्तिसंध्या संयोजक राजेन्द्र चित्तौड़ा ने बताया कि कार्यक्रम में धार्मिक तम्बोला, भक्ति गीत, गुरु महिमा एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भक्तिमय वातावरण निर्मित किया जाएगा। इसके पश्चात 11 मई को महावीर जिनालय, सर्वऋतु विलास में प्रातः: 7 बजे से "पुलक सिंधु विधान" का संगीतमय आयोजन होगा। इस अवसर पर अभिषेक, शांतिधारा, गुरु पूजन एवं विशेष धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्रद्धालु आचार्यश्री के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करेंगे। आयोजन में उदयपुर सहित आसपास क्षेत्रों से बड़ी संख्या में धर्म प्रेमियों के शामिल होने की संभावना है। पुलक मंच परिवार ने बताया कि आचार्य पुलक सागर के अवतरण दिवस को प्रतिवर्ष देशभर में पुलक मंच की विभिन्न शाखाओं द्वारा भक्ति, हर्षोल्लास और आध्यात्मिक वातावरण के साथ मनाया जाता है। आचार्यश्री के विचार समाज में संयम, सेवा, सद्भाव और संस्कारों की प्रेरणा देते हैं, जिसके चलते उनके अनुयायी इस दिन को विशेष उत्सव के रूप में मनाते हैं।

No comments