Page Nav

HIDE

Classic Header

{fbt_classic_header}

breaking news

latest

औदिच्य समाज के मांगलिक भवन एवं गार्डन के लोकार्पण समारोह की तैयारियों को लेकर तीसरी बैठक सम्पन्न

- अलग-अलग समितियां बनाकर तैयारियों में जुटे समाजजन - 30 जून नवचंडी पाठ व सुन्दरकाण्ड व 1 जुलाई को पूर्णाहुति के साथ महाप्रसादी का आयोजन उदयप...


- अलग-अलग समितियां बनाकर तैयारियों में जुटे समाजजन

- 30 जून नवचंडी पाठ व सुन्दरकाण्ड व 1 जुलाई को पूर्णाहुति के साथ महाप्रसादी का आयोजन
उदयपुर, 24 जून। शहर के तितरड़ी-सवीना स्थित औदिच्य ब्राह्मण समाज उदयपुर के निर्माणाधीन ‘औदिच्य मांगलिक भवन एवं गार्डन’ के प्रस्तावित लोकार्पण एवं उद्घाटन समारोह को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय औदिच्य ब्राह्मण समाज सेवा समिति तथा उदयपुर शहर में निवासरत समस्त औदिच्य ब्राह्मण समाज जनों की पूर्व तैयारी की तीसरी महत्वपूर्ण बैठक मांगलिक भवन निर्माण स्थल पर आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता औदिच्य ब्राह्मण समाज सेवा समिति के अध्यक्ष मोहनलाल औदिच्य ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने आगामी लोकार्पण समारोह की रूपरेखा समाज के समक्ष प्रस्तुत करते हुए इसे समाज के इतिहास का गौरवशाली एवं यादगार आयोजन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की वर्षों पुरानी मांग एवं सपने को साकार करने वाला यह मांगलिक भवन सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केन्द्र बनेगा।
- इन समितियों का किया गठन
प्रवक्ता प्रेम औदिच्य ने बताया कि समारोह की सफल एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था के लिए विभिन्न समितियों के गठन पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर समाज के ऊर्जावान, अनुभवी एवं सक्रिय सदस्यों को विभिन्न समितियों में जिम्मेदारियां सौंपने का निर्णय लिया गया। गठित समितियों में संरक्षक मंडल, स्वागत एवं सत्कार समिति, पूजा एवं अनुष्ठान समिति, क्रय समिति, टेंट-बिछायत एवं विद्युत सज्जा समिति, भोजनशाला एवं खाद्य पूर्ति समिति, महाप्रसादी काउंटर एवं परोस व्यवस्था समिति, पूछताछ-सहयोग एवं निधि संग्रह समिति, स्वच्छता समिति, चिकित्सा एवं आपातकालीन सहायता समिति, पार्किंग व्यवस्था समिति, जलपान समिति, निमंत्रण पत्रिका, फ्लेक्स एवं प्रिंटिंग संपादन समिति, प्रचार-प्रसार एवं समाचार समिति तथा समन्वय समिति का गठन किया गया।
- यह होगा दो दिवसीय कार्यक्रम
बैठक में लोकार्पण समारोह की तिथि एवं कार्यक्रमों को अंतिम रूप प्रदान किया गया।  30 जून मंगलवार को प्रात: 9.15 बजे गणपति स्थापना के साथ नवचंडी पाठ एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ होगा। वहीं रात्रि 8 बजे सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात 1 जुलाई बुधवार को प्रात: 10.15 बजे पूर्णाहुति तथा 11.15 बजे भव्य महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज के हजारों श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है।
समारोह के निधि प्रभारी धर्मेन्द्र औदिच्य ने भवन निर्माण एवं लोकार्पण समारोह के लिए समाजजनों द्वारा दिए जा रहे सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अधिकाधिक सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग इस महत्त्वपूर्ण परियोजना को पूर्णता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। बैठक में उपस्थित वरिष्ठजनों, युवाओं एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों ने आयोजन को और अधिक भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए। सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए उन्हें आयोजन की कार्ययोजना में शामिल करने का निर्णय लिया गया। समाज की सांस्कृतिक परंपराओं को ध्यान में रखते हुए लोकार्पण समारोह के दिन पुरुषों के लिए श्वेत वस्त्र तथा महिलाओं के लिए चुनड़ी एवं लहरिया परिधान धारण करने का निर्णय लिया गया, जिससे समारोह में पारंपरिक एवं सांस्कृतिक वातावरण का विशेष आकर्षण रहेगा।
बैठक में समाज के वरिष्ठजनों, वयोवृद्ध सदस्यों, महिला शक्ति एवं युवा वर्ग की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभी समितियों को उनके दायित्व सौंपते हुए कार्यों को तत्काल प्रभाव से प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। बैठक का संचालन एवं संयोजन समाज के प्रवक्ता प्रेम औदिच्य (सेक्टर-5) द्वारा किया गया। अंत में आगामी समीक्षा बैठक 27 जून शनिवार को आयोजित करने का निर्णय लिया गया, जिसमें सभी समितियों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

No comments