उदयपुर, 18 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिलेभर में आयोजित किए जा रहे 50 दिवसीय योग काउंटडाउन कार्यक्रमों की श्रृंखला में गुर...
उदयपुर, 18 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिलेभर में आयोजित किए जा रहे 50 दिवसीय योग काउंटडाउन कार्यक्रमों की श्रृंखला में गुरुवार सायं योग जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली विश्व प्रसिद्ध फतेहसागर झील स्थित महाराणा प्रताप स्मारक (मोती मगरी) के मुख्य द्वार से प्रारंभ होकर फतेहसागर पाल के देवाली छोर तक निकाली गई। रैली सायं 6:00 बजे से 7:30 बजे तक आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं तथा योग साधकों सहित लगभग 500 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली के माध्यम से आमजन को योग के महत्व एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। प्रतिभागियों ने योग संबंधी संदेशों से युक्त बैनर एवं पोस्टर लेकर लोगों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया। रैली के दौरान "करें योग, रहें निरोग", "योग अपनाएं, स्वास्थ्य बढ़ाएं" तथा "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" जैसे नारों से वातावरण योगमय हो गया।
इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के नोडल अधिकारी डॉ. भानु कुमार जैन ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ रहता है तथा समाज में स्वास्थ्य जागरूकता का प्रसार होता है। उन्होंने सभी नागरिकों से 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।
योग समन्वयक एवं सहायक नोडल अधिकारी डॉ. शोभालाल औदीच्य ने कहा कि जिले में आयोजित 50 दिवसीय योग काउंटडाउन कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जन तक योग का संदेश पहुंचाया जा रहा है। योग जागरूकता रैली का उद्देश्य आमजन को योग के प्रति प्रेरित करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवन पद्धति है जो स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार है।
इस अवसर पर बताया गया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिलेभर में 50 दिवसीय योग काउंटडाउन कार्यक्रम के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन में योग के प्रति जागरूकता बढ़ रही है तथा बड़ी संख्या में लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं। साथ ही आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान किया गया।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" निर्धारित की गई है। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा मिलता है।
रैली के सफल आयोजन में जिला प्रशासन, आयुर्वेद विभाग, मदन मोहन मालवीय आयुर्वेद महाविद्यालय, महिला एवं बाल विकास विभाग, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा महाविद्यालय, पतंजलि योग समिति, क्रीड़ा भारती, मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन, स्वास्थ्य सेतु, विश्व फाउंडेशन, सुकृपा फाउंडेशन, प्रणव आयुर्वेद योग सेंटर, ओसवाल सभा, ओसवाल युवक परिषद, आरोग्य विहार धाम तथा मॉर्निंग योगा यूनिवर्सिटी क्लब सहित विभिन्न संस्थाओं का सक्रिय सहयोग रहा।
रैली में मदन मोहन मालवीय राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अशोक कुमार शर्मा, प्रो. किशोरीलाल शर्मा, प्रकाश कोठारी अध्यक्ष, ओसवाल महासभा, गोपाल प्रजापत मॉर्निंग योगा क्लब, समाजसेवी के.के. शर्मा, डॉ. संजय माहेश्वरी, योगी अशोक जैन, सुरेश पालीवाल सुप्रभात फाउंडेशन, भूपेश खमेसरा, डॉ. शुभा सुराणा, विमला सिंह, डॉ. इकबाल गौरी, मैना जैन, पूरन सिंह, मनोहर सिंह, निलेश चौबीसा, शारदा जालोरा एवं जिग्नेश शर्मा सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मदन मोहन मालवीय राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी बड़ी संख्या में सहभागिता निभाई।

No comments