Page Nav

HIDE

Classic Header

{fbt_classic_header}

breaking news

latest

पूर्व डीजी (जेल) श्री अरुण दुगड़ का निधन, 35 वर्षों की गौरवशाली पुलिस सेवा का हुआ अवसान

जयपुर 16 जुलाई। राजस्थान पुलिस के पूर्व महानिदेशक पुलिस (कारागार) एवं 1969 बैच के वरिष्ठ सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी श्री अरुण दुगड़ का बुधवा...

जयपुर 16 जुलाई। राजस्थान पुलिस के पूर्व महानिदेशक पुलिस (कारागार) एवं 1969 बैच के वरिष्ठ सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी श्री अरुण दुगड़ का बुधवार 15 जुलाई 2026 को निधन हो गया। उनके निधन से राजस्थान पुलिस, प्रशासनिक सेवा, सामाजिक एवं जनप्रतिनिधि वर्ग सहित सभी क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। वे प्रसिद्ध समाजसेवी स्वर्गीय डॉ. सूरजमल दुगड़ के सुपुत्र थे।

अपनी सादगी, प्रशासनिक दक्षता, अनुशासन और निष्पक्ष कार्यशैली के लिए विख्यात अरुण दुगड़ को राजस्थान पुलिस के एक कुशल एवं दूरदर्शी अधिकारी के रूप में हमेशा याद किया जाएगा। उनके निधन पर अनेक वर्तमान एवं सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।

एएसपी से डीजी (जेल) तक का शानदार सफर 

श्री अरुण दुगड़ ने राजस्थान पुलिस में लगभग 35 वर्षों तक उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक से लेकर पुलिस महानिदेशक स्तर तक का गौरवपूर्ण सफर तय किया। उन्होंने 12 जनवरी 1971 को जयपुर में सहायक पुलिस अधीक्षक के पद से अपने करियर की शुरुआत की थी। अपने लंबे सेवा काल में उन्होंने बांसवाड़ा, जालौर, टोंक, चित्तौड़गढ़, सवाई माधोपुर, उदयपुर और अलवर सहित कई जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य किया तथा कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण में उल्लेखनीय योगदान दिया।

   उन्होंने राजस्थान पुलिस अकादमी (आरपीए) के प्राचार्य, सीआईडी सीबी, विजिलेंस, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), राजस्थान सशस्त्र कांस्टेबुलरी (आरएसी), पुलिस मुख्यालय, जयपुर रेंज, भरतपुर रेंज तथा सीआईडी (इंटेलिजेंस) जैसे महत्वपूर्ण विभागों में वरिष्ठ पदों पर रहते हुए प्रभावी नेतृत्व प्रदान किया। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध), अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (इंटेलिजेंस), अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एसीबी) और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (कारागार) जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करने के बाद वे महानिदेशक (कारागार) राजस्थान के पद से सितम्बर, 2005 में सेवानिवृत्त हुए।

शुक्रवार को आदर्श नगर मोक्षधाम में होगा अंतिम संस्कार 

परिजनों के अनुसार उनकी अंतिम यात्रा शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे जवाहर नगर स्थित 3-डी-15, रतन दुगड़ मार्ग स्थित निवास से रवाना होकर आदर्श नगर मोक्षधाम पहुंचेगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।


No comments