उदयपुर, 28 जुलाई 2026 मंगलवार। आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अति आवश्यक बैठक जिला अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ क...
उदयपुर, 28 जुलाई 2026 मंगलवार। आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अति आवश्यक बैठक जिला अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ के नेतृत्व में शास्त्री सर्कल स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में सभी मंडल अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, वर्ष 2019 में निर्वाचित पार्षद, मनोनीत पार्षद एवं पार्षद प्रत्याशियों ने भाग लिया।
बैठक में आगामी नगर निगम चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा आमजन से सीधा और निरंतर संवाद स्थापित करने को लेकर चुनावी रणनीति की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने कहा कि आगामी नगर निगम चुनाव में हर हाल में कांग्रेस का बोर्ड बनाना हमारा लक्ष्य है। इसके लिए सभी कांग्रेसजनों को अभी से पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरना होगा। प्रत्येक वार्ड में आमजन के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनने और उनके साथ निरंतर संवाद स्थापित करने की आवश्यकता है।
राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और विफलताओं को जनता के सामने उजागर करने के साथ-साथ आमजन की वास्तविक समस्याओं को समझना कांग्रेस कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल चुनाव के समय जनता के बीच जाने में विश्वास नहीं रखती, बल्कि अभी से प्रत्येक वार्ड में नियमित जनसंपर्क और संवाद कायम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आमजन द्वारा बताई जाने वाली समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर उन्हें दूर करवाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। साथ ही, जनता की समस्याओं और शहर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को कांग्रेस के आगामी जनहितकारी घोषणा पत्र में प्रमुखता से शामिल किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास, मेहनत और व्यापक जनसंपर्क के बल पर इस बार उदयपुर नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनाना निश्चित है। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों से पूरी एकजुटता और ताकत के साथ नगर निगम चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री दिनेश कुमार दवे ने बताया कि बैठक में संगठन महामंत्री अरुण टांक,दिनेश कुमार दवे, चंदा सुवालका, ब्लॉक अध्यक्ष शंकर चंदेल, अजय सिंह, मंडल अध्यक्ष महेश धनावत, मयंक खमेसरा, सत्यनारायण टॉक, अमित सुवालका, राकेश जोशी, श्याम सुंदर गुर्जर, शहजाद खान, बंसीलाल गवारिया, यशवंत राजोरा, अमित श्रीवास्तव, हिदायततुल्ला, नजमा मेवाफरोश, अजय पोरवाल, फिरोज अहमद शेख, प्रमोद मेनारिया, नेहा कुमावत, महिमा चुग, मोनिका गुर्जर, दीपक चौधरी, महेंद्र पूर्बिया, सुरेश साहू, मदन बाबरवाल, विनोद जैन, शैलेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
बैठक में उपस्थित कांग्रेसजनों ने आगामी नगर निगम चुनाव में एकजुट होकर पूरी ताकत से कार्य करने, प्रत्येक वार्ड में जनसंपर्क बढ़ाने और उदयपुर नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनाने का संकल्प लिया।

No comments