1000 परिवारों को बांटे गर्म कंबल, नई ड्रेस, स्वेटर, मिठाई और भोजन के पैकेट, सेवा और संवेदना के साथ रोशन किए जरूरतमंदों के चेहरे उदयपुर। दीपा...
1000 परिवारों को बांटे गर्म कंबल, नई ड्रेस, स्वेटर, मिठाई और भोजन के पैकेट, सेवा और संवेदना के साथ रोशन किए जरूरतमंदों के चेहरे
उदयपुर। दीपावली रोशनी, उल्लास और खुशियों का पर्व है, लेकिन इन खुशियों की असली चमक तब नजर आती है, जब इसका उजाला समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। इसी मानवीय संवेदना और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए सोजतिया ज्वेलर्स, सोजतिया चैरिटेबल ट्रस्ट एवं नीरजा मोदी स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में ‘दीवाली से पहले दिवाली’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कोर्ट चौराहा स्थित सोजतिया ज्वेलर्स के बाहर आयोजित इस सेवा उत्सव में करीब 1000 वंचित एवं जरूरतमंद परिवारों को दीपावली की खुशियों में सहभागी बनाया गया।
इस अवसर पर सोजतिया ग्रुप की ओर से जरूरतमंदों को सर्दी से बचाव के लिए गर्म कंबल और स्वेटर, नई ड्रेस, मिठाई तथा भोजन के पैकेट सहित विभिन्न उपयोगी सामग्री वितरित की गई। वितरण की पूरी व्यवस्था इस तरह की गई कि प्रत्येक लाभार्थी को सम्मान और आत्मीयता के साथ सामग्री मिल सके। उपहार और सहयोग पाकर जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर आई मुस्कान ने आयोजन को भावनात्मक और यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जीतो उदयपुर के अध्यक्ष राजकुमार फत्तावत थे, जबकि विशिष्ट अतिथि सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष यशवंत आंचलिया रहे। समारोह की अध्यक्षता सोजतिया ग्रुप के फाउंडर प्रो. रंजीत सिंह सोजतिया ने की।
मुख्य अतिथि राजकुमार फत्तावत ने कहा कि समाज में आर्थिक और सामाजिक रूप से सक्षम लोगों का यह दायित्व है कि वे जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग को भी त्योहारों की खुशियों में शामिल करें। दीपावली की सार्थकता केवल अपने घरों को रोशन करने में नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के जीवन में खुशियों का उजाला लाने में है। उन्होंने कहा कि सोजतिया ग्रुप वर्षभर सेवा और परोपकार के कार्यों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। यह पहल निश्चित रूप से सराहनीय और अनुकरणीय है।
विशिष्ट अतिथि यशवंत आंचलिया ने कहा कि दीपावली खुशियों और उल्लास का पर्व है। अपनी खुशियों को दूसरों के साथ बांटना ही इस पर्व का सबसे सुंदर स्वरूप है। सोजतिया ग्रुप द्वारा नियमित रूप से किए जा रहे सामाजिक सेवा के कार्य समाज में सहयोग, संवेदना और आत्मीयता की भावना को मजबूत करते हैं।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. रंजीत सिंह सोजतिया ने कहा कि सोजतिया ग्रुप का प्रयास है कि दीपावली की खुशियां समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें। इसी उद्देश्य से प्रतिवर्ष दीपावली से पूर्व वंचित एवं जरूरतमंद परिवारों के साथ खुशियां बांटने का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि ग्रुप की सामाजिक प्रतिबद्धता केवल त्योहारों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे वर्ष विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता की जाती है।
उन्होंने बताया कि सोजतिया चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से प्रतिवर्ष सर्दियों में सरकारी स्कूलों के निर्धन विद्यार्थियों को करीब 10 हजार स्वेटर वितरित किए जाते हैं। गर्मियों में पक्षियों के संरक्षण एवं सेवा के उद्देश्य से 10 हजार मिट्टी के परिंडे, चुग्गा पॉट और चावल के पैकेट की किट वितरित की जाती हैं। इसके साथ ही प्रतिदिन करीब 150 जरूरतमंद लोगों को भोजन कराया जाता है।
ट्रस्ट की ओर से सरकारी एवं जरूरतमंद स्कूलों में फर्नीचर और स्टेशनरी उपलब्ध कराने के साथ ही गरीब एवं असहाय परिवारों को दवाइयों तथा अन्य आवश्यक संसाधनों के लिए भी सहयोग दिया जाता है। उन्होंने कहा कि सोजतिया ग्रुप का संकल्प है कि सेवा का लाभ समाज के जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी व्यक्ति अभाव के कारण त्योहार की खुशियों से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में होलसेल सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र कोठारी, सचिव मयंक लोढ़ा, डॉ. महेंद्र सोजतिया, श्रीमती रीना सोजतिया, डॉ. ध्रुव सोजतिया, नेहल सोजतिया, श्रीमती विमला सोजतिया, साक्षी सोजतिया सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
आयोजन को सफल बनाने में सोजतिया ज्वेलर्स के समस्त स्टाफ सदस्यों ने उत्साह और समर्पण के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी ने वितरण व्यवस्था को संभालते हुए प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक सामग्री सम्मानपूर्वक पहुंचाने में सहयोग किया।
सोजतिया ग्रुप की यह पहल संदेश दे गई कि दीपावली के दीप केवल घरों में ही नहीं, बल्कि दिलों में भी जलने चाहिए। जब किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान आती है और किसी परिवार की दिवाली खुशियों से भर जाती है, तभी रोशनी के इस पर्व का वास्तविक अर्थ साकार होता है।

.jpeg)

No comments