सलूम्बर विधानसभा उपचुनाव- 2024 निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान प्रक्रिया से लोकतंत्र को मजबूत करेंः जिला निर्वाचन अधिकारी सामान्य प्रेक्षक की उपस...
सलूम्बर विधानसभा उपचुनाव- 2024
निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान प्रक्रिया से लोकतंत्र को मजबूत करेंः जिला निर्वाचन अधिकारी
सामान्य प्रेक्षक की उपस्थिति में मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण
उदयपुर, 12 नवंबर। विधानसभा उपचुनाव 2024 के तहत सलूम्बर विधानसभा क्षेत्र में मतदान 13 नवम्बर को होगा। इसके लिए मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण मंगलवार को चुनाव प्रेक्षक जे विजयारानी, जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल की उपस्थिति में सूरजपोल स्थित राजकीय फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित हुआ। प्रशिक्षण उपरान्त मतदान दलों ने आवंटित बूथों के लिए प्रस्थान किया। दोपहर पश्चात दलों के मतदान केंद्रों पर पहुंचने का क्रम प्रारंभ हो गया। दलों ने बूथों पर भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की। मतदान 13 नवम्बर को सुबह 7 बजे से प्रारंभ होगा। इससे पूर्व प्रत्याशियों के अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में मॉक पोल होगा।
मतदान दलों के अंतिम प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी श्री पोसवाल ने कहा कि भारत की निर्वाचन प्रक्रिया दुनिया के लिए अध्ययन का विषय रही है। मतदान कर्मी पूर्ण आत्मविश्वास के साथ कार्य करें तथा निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराते हुए लोकतंत्र को मजबूत प्रदान करें। उन्होंने कार्मिकों को चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने तथा चुनाव प्रक्रिया को दुषित करने वाली गतिविधियों से दूर रहते हुए आमजन में निष्पक्ष निर्वाचन का भरोसा कायम रखने की भी हिदायत दी।
इससे पूर्व आरक्षित सहित कुल 363 मतदान दलां का प्रशिक्षण फतह स्कूल मैदान में प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी जितेंद्र ओझा, सह प्रभारी डॉ महामाया प्रसाद चौबीसा आदि ने मतदान दलों, सेक्टर ऑफिसर, माइक्रो आर्ब्जवर को दायित्व और कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी। कार्मिकों को प्रशिक्षण उपरान्त रवानगी से पूर्व प्राप्त की जाने वाले सामग्री से लेकर मतदान केंद्र पर पहुंचकर प्रारंभिक तौर पर की जाने वाले तैयारियों, मॉक पॉल, मुख्य मतदान प्रक्रिया, मतदान समाप्ति पश्चात ईवीएम-वीवीपेट संधारण, मतदान केंद्र से मुख्यालय वापसी तथा सामग्री जमा कराने तक की पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। मतदान प्रक्रिया से जुड़े प्रपत्रों के संधारण की भी जानकारी दी। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपेंद्रसिंह राठौड़, एडीएम सिटी वारसिंह, सीईओ जिला परिषद हेमेंद्र नागर, डीआईजी स्टाम्प राजीव द्विवेदी सहित अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
लोकतंत्र के उत्सव को सफल बनाने दल रवाना
विधानसभा उपचुनाव के तहत बुधवार को सलूम्बर क्षेत्र में प्रस्तावित मतदान प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए मतदान दल फतह स्कूल से रवाना हुए। अंतिम प्रशिक्षण के पश्चात दलों ने वहां बने काउंटर से ईवीएम, कंट्रोल यूनिट, वीवीपेट सहित मतदान से जुड़ी सभी सहायक सामग्री प्राप्त की। इसके बाद कार्मिक सामान उठाकर उत्साह के साथ अपने आवंटित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए।
एक नजर में....
13 नवम्बर 2024 को होगा सलूम्बर विधानसभा क्षेत्र में मतदान
07 बजे सुबह प्रारंभ होगा मतदान
06 बजे शाम तक चलेगी मतदान प्रक्रिया
5.30 बजे सुबह होगा मॉक पोल
6 कुल प्रत्याशी हैं चुनाव मैदान में
297977 मतदाता हैं सलूम्बर विधानसभा क्षेत्र में
151547 पुरुष मतदाता हैं सलूम्बर में
146430 महिला मतदाता हैं
296 मुख्य व 6 सहायक बूथों पर होगा मतदान
1500 लगभग कार्मिक नियोजित हैं निर्वाचन प्रक्रिया में
8 सखी बूथ बनाए गए हैं विधानसभा क्षेत्र में
1 दिव्यांग बूथ रहेगा विधानसभा क्षेत्र में
8 युवा बूथ पर 40 वर्ष से कम आयु के मतदान कर्मी रहेंगे तैनात
मतदाता पहचान पत्र के अलावा 12 वैकल्पिक दस्तावेजों के आधार पर कर सकेंगे मतदान
मतदान केंद्रों पर मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं
उदयपुर, 12 नवंबर। विधानसभा उपचुनाव- 2024 के तहत 13 नवम्बर को होने वाले मतदान के दौरान मतदान केंद्रों पर मोबाइल ले जाने पर पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा। बूथ पर अपेक्षित सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए सिर्फ पीठासीन अधिकारी और माइक्रो आब्जर्वर को मोबाइल साइलेंट मोड पर अनुमत किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार मतदान केंद्र पर प्रत्याशियों के अधिकृत पोलिंग एजेंट, मतदाताओं, मीडियाकर्मियों सहित किसी भी व्यक्ति को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी मतदाता पहचान पत्र दिखाकर मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। मतदाता पहचान पत्र नहीं होने की स्थिति में 12 वैकल्पिक दस्तावेजों में से कोई एक दिखाकर भी मतदान कर सकेंगे।
यह हैं 12 वैकल्पिक दस्तावेज
मतदाता पहचान पत्र नहीं होने की स्थिति में मतदाता आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक अथवा डाक घर की ओर से जारी फोटो युक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की ओर से जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, आरजीआई की ओर से जारी स्मार्ट कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटो युक्त पेंशन दस्तावेज, भारत सरकार, राज्य सरकार, सार्वजनिक उपक्रम अथवा पब्लिक लिमिटेड कंपनियों की ओर से अपने कार्मिकों को जारी फोटो युक्त पहचान पत्र, सांसद एवं विधायकों को जारी अधिकृत पहचान पत्र तथा दिव्यांगजन को जारी यूनिक डिस्एबिलिटी आईडी कार्ड में से किसी एक का उपयोग कर मतदान किया जा सकता है।
निर्वाचन क्षेत्र के न्यायालयों में रहेगा अवकाश
विधानसभा उपचुनाव 2024 मतदान हेतु उदयपुर न्यायक्षेत्र के निर्वाचन क्षेत्र में स्थित न्यायालयों में मतदान दिवस पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। जिला एवं सेशन न्यायाधीश ने बताया कि सलूंबर निर्वाचन क्षेत्र में स्थित अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश न्यायालय, वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय, सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट सलूम्बर तथा सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय सराड़ा में मतदान दिवस को सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
युवा एवं महिलाएं संभालेंगी 8-8 बूथों की जिम्मेदारी
1 बूथ पर दिव्यांगजन संपन्न कराएंगे मतदान
उदयपुर, 12 नवंबर। विधानसभा उपचुनाव 2024 के तहत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार महिला, युवा और दिव्यांगजन की ओर से संचालित विशेष बूथ स्थापित किए गए हैं। इसके तहत सलूम्बर विधानसभा क्षेत्र में 8-8 बूथ महिलाओं व युवाओं द्वारा तथा एक बूथ दिव्यांग कार्मिकों द्वारा संचालित किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल ने बताया कि सलूम्बर विधानसभा क्षेत्र में राउमावि अमरपुरा, राउप्रावि लोदा (दायां भाग), राउमावि कडूणी, राउमावि वडावली (दायां भाग), महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय निम्बोदा (बायां भाग), राउमावि सल्लाड़ा (दायां भाग), राजकीय बालिका उमावि सलूम्बर तथा महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय गांधी चौक सलूम्बर (बायां भाग) को डेडिकेटेड महिला मतदान केंद चिन्हित किया है। इन बूथों पर मतदान की समस्त जिम्मेदारी महिला कार्मिकों द्वारा निभाई जाएगी।
इसी प्रकार राउमावि गातौड (बायां भाग), राजकीय बालिका उमावि उथरदा (दायां भाग), राउमावि गुडेल (बायां भाग), राउमावि सु खेड़ा (दायां भाग), राउमावि सेपूर (बायां भाग), राउमावि परसाद (बायां भाग), राजकीय उमाशंकर भट्ट उमावि ईन्टाली खेड़ा (बायां भाग) तथा राउप्रावि खींरावाड़ा युवा मतदान केंद्र रहेंगे। इन बूथों पर 40 वर्ष से कम आयु के युवा कार्मिकों को नियुक्त किया गया है। वहीं राउमावि सलूम्बर (दायां भाग) दिव्यांग मतदान केंद्र रहेगा। इसमें निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराने वाली पूरी टीम में दिव्यांगजन कार्मिक शामिल किए गए हैं।
.jpeg)

No comments