Page Nav

HIDE

Classic Header

{fbt_classic_header}

breaking news

latest

मेगा करियर काउंसलिंग का सफल आयोजन, विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में करियर के अवसरों की दी जानकारी

उदयपुर, 24 जुलाई। ज्ञान ज्योति सेवा संस्थान एवं पैसिफिक एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी, उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में शुक्र...


उदयपुर, 24 जुलाई। ज्ञान ज्योति सेवा संस्थान एवं पैसिफिक एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी, उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को रमन हॉल, पैसिफिक यूनिवर्सिटी परिसर में "मेगा करियर काउंसलिंग" कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों ने भाग लेकर विभिन्न क्षेत्रों में करियर निर्माण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. बी. पी. शर्मा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर समर्पण एवं निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथि आरएएस श्री चंदन सिंह ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, प्रशासनिक सेवाओं में अवसर तथा व्यक्तित्व विकास पर उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ज्ञान ज्योति सेवा संस्थान के निदेशक श्री राहुल मेघवाल ने कहा कि सही समय पर उचित करियर मार्गदर्शन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है तथा ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप करियर चुनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्ध करियर संभावनाओं से अवगत कराया। प्रो. दिलेन्द्र हीरण ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं डेयरी क्षेत्र में रोजगार एवं उच्च शिक्षा के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। प्रो. भदौरिया ने होटल मैनेजमेंट एवं हॉस्पिटैलिटी उद्योग में तेजी से बढ़ते रोजगार के अवसरों पर प्रकाश डाला।

प्रो. अनुराग मेहता ने वाणिज्य एवं विधि (कॉमर्स एवं लॉ) के क्षेत्र में उच्च शिक्षा, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, चार्टर्ड अकाउंटेंसी, कंपनी सेक्रेटरी, बैंकिंग, न्यायिक सेवाओं एवं कॉर्पोरेट सेक्टर में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी दी।

प्रो. नीरज श्रीमाली ने पॉलिटेक्निक एवं फायर सेफ्टी के क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा तथा रोजगार के अवसरों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। प्रो. टी. पी. आमेटा ने कला, जनसंचार (मास कम्युनिकेशन) एवं योग के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। वहीं प्रो. कपिलेश तिवारी ने स्कूल शिक्षा एवं शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं उच्च शिक्षा के अवसरों से विद्यार्थियों को अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पैसिफिक यूनिवर्सिटी द्वारा प्रदान की जाने वाली विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की भी जानकारी दी गई। इसमें उत्कृष्ट खिलाड़ी, मेधावी विद्यार्थी, विद्यालय के टॉपर्स तथा अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध छात्रवृत्तियों एवं विशेष सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपने करियर संबंधी प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उचित करियर मार्गदर्शन प्राप्त हो सके।

No comments