Page Nav

HIDE

Classic Header

{fbt_classic_header}

breaking news

latest

श्री बिलोचिस्तान पंचायत व सनातन धर्म सेवा समिति की बैठक सम्पन्न, चेटीचंड व रामनवमी की तैयारियों पर हुई चर्चा

उदयपुर। श्री बिलोचिस्तान पंचायत की कार्यकारिणी एवं श्री सनातन धर्म सेवा समिति के सदस्यों की एक आवश्यक बैठक शक्तिनगर स्थित श्री सनातन धर्म मं...


उदयपुर। श्री बिलोचिस्तान पंचायत की कार्यकारिणी एवं श्री सनातन धर्म सेवा समिति के सदस्यों की एक आवश्यक बैठक शक्तिनगर स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में आयोजित की गई। बैठक में आगामी चेटीचंड महोत्सव, रामनवमी एवं भगवान श्री झूलेलाल मंदिर पर नूतन ध्वज चढ़ाने सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।

पंचायत अध्यक्ष नानकराम कस्तूरी ने बताया कि 13 मार्च शुक्रवार को श्री सनातन धर्म मंदिर स्थित भगवान श्री झूलेलाल मंदिर पर नूतन ध्वज चढ़ाने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रातः 6:00 बजे से 8:00 बजे तक 9 नवदंपतियों द्वारा भगवान श्री झूलेलाल की आरती एवं दूध से अभिषेक किया जाएगा। वहीं सायं 5:30 बजे मंदिर पर नया ध्वज चढ़ाकर भगवान श्री झूलेलाल की आरती की जाएगी तथा प्रसाद वितरण किया जाएगा।

बैठक में चेटीचंड महोत्सव की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। उपाध्यक्ष जितेंद्र तलरेजा एवं गुरुमुख कस्तूरी ने बताया कि चेटीचंड के दिन प्रातः 6:00 बजे भगवान श्री झूलेलाल का पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात प्रातः 11:00 बजे श्री बहराणा साहब की ज्योत शहरवासियों को दर्शन देने के लिए भव्य जुलूस के रूप में निकाली जाएगी। यह ज्योत श्री सनातन धर्म मंदिर स्थित भगवान श्री झूलेलाल की अमर ज्योत से प्रज्वलित होकर पूरे शहर में भ्रमण करेगी। शहरभर में श्रद्धालुओं द्वारा ज्योत के दर्शन एवं स्वागत के बाद महाआरती की जाएगी और जुलूस रवाना होगा। सायंकाल बहराणा साहब का विसर्जन किया जाएगा।

पंचायत के महासचिव विजय आहुजा ने बताया कि चेटीचंड के अवसर पर सनातन मंदिर में हर वर्ष की तरह इस बार भी भगवान श्री झूलेलाल की भव्य झांकी सजाई जाएगी। यह झांकी अपना संगठन के सुरेन्द्र अरोड़ा एवं उनकी टीम द्वारा तैयार की जाती है, जिसे अब तक लगभग 8 बार लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान मिल चुका है। झांकी में कई बार 26 हजार दीपक तथा 51 हजार झंडों का उपयोग कर आकर्षक सजावट की जाती है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहती है।

सनातन धर्म सेवा समिति के संयोजक हेमंत गखरेजा एवं सचिव नरेन्द्र खथूरिया ने बताया कि इस वर्ष 26 मार्च को रामनवमी का पर्व सनातन धर्म मंदिर में धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर लगभग 26 दंपति नौ कुंडी हवन में भाग लेंगे। विधि-विधान से पाठ एवं हवन के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा।

समिति सदस्य मनीष डेम्बला ने बताया कि चेटीचंड महोत्सव के उपलक्ष्य में इस वर्ष सनातन मंदिर में भगवान झूलेलाल एवं भगवान श्रीराम पर आधारित पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत किया जाएगा।

बैठक की अध्यक्षता ओमप्रकाश बजाज एवं प्रकाश फुलानी ने की। बैठक में प्रदीप माधवानी, मोहन तलरेजा, दीपक बिलोची, रमेश काटीजा, बलदेव तलदार, धीरज तुलसीजा, मुकेश गखरेजा, विजय कस्तूरी, कमल तलरेजा, गिरीश डोडेजा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।


No comments