Page Nav

HIDE

Classic Header

{fbt_classic_header}

breaking news

latest

विदेशी कोर्सेज के भ्रम से बचें, अपने सपनों को दें सही दिशा’ विषय पर आईसीएआई का मेगा करियर काउंसलिंग 17 को

- देश के ख्यातनाम चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं विशेषज्ञ वक्ता देंगे विद्यार्थियों को करियर गाईडेंस - सुखाडिय़ा रंगमंच टाउनहॉल, उदयपुर में दोपहर 2...

- देश के ख्यातनाम चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं विशेषज्ञ वक्ता देंगे विद्यार्थियों को करियर गाईडेंस

- सुखाडिय़ा रंगमंच टाउनहॉल, उदयपुर में दोपहर 2 बजे से शुरु होगा आयोजन  
उदयपुर, 16 अप्रेल। भारतीय सनदी लेखाकार संस्थान (आईसीएआई) की करियर काउंसलिंग समिति की ओर से शुक्रवार 17 अप्रैल को उदयपुर में एक भव्य मेगा करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन सुखाडिय़ा रंगमंच टाउनहॉल, उदयपुर में दोपहर 2 बजे से प्रारंभ होगा। यह कार्यक्रम राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
आईसीएआई उदयपुर शाखा के चेयरमैन सीए चिराग धर्मावत ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को करियर के सही विकल्पों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें विदेशी कोर्सेज के भ्रम एवं आकर्षण से बचाकर भारतीय प्रोफेशनल कोर्सेज, विशेष रूप से चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए), की ओर प्रेरित करना है। कार्यक्रम की विशेषता यह रहेगी कि इसमें आईसीएआई की केंद्रीय परिषद के सदस्य एवं करियर काउंसलिंग समिति के चेयरमैन सीए अर्पित काबरा (मुंबई) तथा माध्यमिक शिक्षा निदेशक, राजस्थान आईएएस सीताराम जी जाट मुख्य रूप से विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को करियर चयन के व्यावहारिक एवं दूरदर्शी पहलुओं की गहन समझ प्राप्त होगी। कार्यक्रम में अनुभवी चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं विशेषज्ञ वक्ताओं द्वारा विद्यार्थियों को करियर के विभिन्न आयामों, उपलब्ध अवसरों एवं चुनौतियों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही, इंटरैक्टिव सेशन्स के माध्यम से छात्रों के प्रश्नों का समाधान किया जाएगा, जिससे वे अपने भविष्य के लिए सही एवं सूचित निर्णय ले सकें।
आईसीएआई का मानना है कि वर्तमान समय में कई विद्यार्थी सीमित जानकारी के आधार पर विदेशी कोर्सेज की ओर आकर्षित हो जाते हैं, जिससे समय एवं संसाधनों की अनावश्यक हानि हो सकती है। इस पहल के माध्यम से आईसीएआई यह संदेश देना चाहता है कि भारत में ही विश्वस्तरीय प्रोफेशनल कोर्सेज उपलब्ध हैं, जो किफायती होने के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त हैं।
कार्यक्रम के दौरान चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) को एक प्रतिष्ठित, सुरक्षित एवं उज्ज्वल करियर विकल्प के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा, जो न केवल वित्तीय विशेषज्ञता प्रदान करता है बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस मेगा कार्यक्रम में उदयपुर एवं आसपास के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में भागीदारी अपेक्षित है। आईसीएआई सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों से इस कार्यक्रम में भाग लेकर अपने करियर को सही दिशा देने का आह्वान करता है।
आईसीएआई उदयपुर शाखा के चेयरमैन सीए चिराग धर्मावत ने कहा कि, "आज के प्रतिस्पर्धी परिवेश में विद्यार्थियों के सामने करियर के अनेक विकल्प उपलब्ध हैं, किन्तु सही मार्गदर्शन के अभाव में वे अक्सर भ्रमित हो जाते हैं। आईसीएआई का यह मेगा करियर काउंसलिंग कार्यक्रम विद्यार्थियों को सही दिशा प्रदान करने की एक सशक्त पहल है। चार्टर्ड अकाउंटेंसी न केवल एक सम्मानजनक एवं सुरक्षित प्रोफेशन है, बल्कि यह राष्ट्र की आर्थिक संरचना को सुदृढ़ बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हम सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों से आग्रह करते हैं कि वे इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर इसका लाभ उठाएं।"
आईसीएआई की करियर काउंसलिंग समिति देशभर में इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है, ताकि युवा पीढ़ी को सटीक मार्गदर्शन प्राप्त हो सके और वे आत्मविश्वास के साथ अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकें।

No comments