उदयपुर 6 अप्रेल -राजधानी दिल्ली स्थित संसद मार्ग के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में उदयपुर निवासी एवं भाजपा ...
उदयपुर 6 अप्रेल -राजधानी दिल्ली स्थित संसद मार्ग के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में उदयपुर निवासी एवं भाजपा आपदा राहत विभाग राजस्थान के प्रदेश संयोजक, “राजस्थान गौरव” डॉ. जिनेंद्र शास्त्री को “सेलिब्रेशन ऑफ सोशियोक्रेसी” राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें समाज सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय एवं निस्वार्थ योगदान के लिए प्रदान किया गया। डॉ. शास्त्री द्वारा अपने व्यक्तिगत संसाधनों से 60,000 से अधिक बच्चों को चप्पल उपलब्ध कराना, गौ सेवा, विभिन्न त्योहारों—राखी, दीपावली एवं होली—पर करीब 2 हजार जरूरतमंद बच्चियों को निःशुल्क वस्त्र वितरित करना, कोरोना काल में मानव सेवा के साथ जीव दया के कार्य करना उनके समर्पण को दर्शाता है।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने दुर्घटनाओं में मृत व्यक्तियों के परिजनों को 7 करोड़ रुपये से अधिक का मुआवजा दिलाने में सहयोग किया तथा 3,000 से अधिक गरीब बच्चों को जनसहयोग से छात्रवृत्ति प्रदान कर उनकी शिक्षा का मार्ग प्रशस्त किया। उनके ये सभी कार्य समाज के प्रति उनके समर्पण और सेवा भावना के प्रतीक हैं।
यह सम्मान पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, हरिद्वार के कुलगुरु डॉ. सत्यपाल सिंह, भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR) की हिंदी पत्रिका ‘गगनांचल’ के संपादक रवि शंकर,सभ्यता अध्ययन केंद्र के सह-निदेशक डॉ. विवेक भटनागर, एम्स के चेयरमैन श्री गुरुप्रसाद हुण्डेकर एवं समाजसेवी श्रीमती दीपिका रेड्डी के करकमलों द्वारा प्रदान किया गया।
समारोह में देशभर से 33 विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया, जिनमें राजस्थान से केवल तीन व्यक्तियों का चयन हुआ। डॉ. जिनेंद्र शास्त्री के साथ भीलवाड़ा के सांसद श्री दामोदर अग्रवाल एवं सागवाड़ा के विधायक श्री शंकर डेचा को “सेलिब्रेशन ऑफ डेमोक्रेसी” सम्मान से नवाजा गया।
इस अवसर पर डॉ. शास्त्री ने सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे मेवाड़ एवं समस्त सहयोगियों का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उनके प्रेरणास्रोत हैं और यह सम्मान उन्हें समाज एवं राष्ट्र सेवा के प्रति और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।

No comments