उदयपुर, 29 अप्रैल. महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल, द सिटी पैलेस, उदयपुर में संगीत एवं नृत्य कला की समृद्ध विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से...
उदयपुर, 29 अप्रैल. महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल, द सिटी पैलेस, उदयपुर में संगीत एवं नृत्य कला की समृद्ध विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विश्व नृत्य दिवस बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के संगीत विभाग के मार्गदर्शन में कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए एक भव्य अंतर्सदनीय एकल नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के पाँचों सदनों के कुल 35 प्रतिभागियों ने पूरे आत्मविश्वास, ऊर्जा और कलात्मक अभिव्यक्ति के साथ अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश स्तुति से हुई, जिसने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात राग वसंत पर आधारित एक भावपूर्ण कविता की प्रस्तुति दी गई, जो कलाकार की मौलिक रचना थी। आगे की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रा प्रांजल जैन ने विश्व नृत्य दिवस के महत्व एवं नृत्य की सांस्कृतिक भूमिका पर अपने विचार व्यक्त करते हुए उपस्थित विद्यार्थियों को प्रेरित किया। विशेष प्रस्तुतियों में छात्रा शनाया नागोरी द्वारा कथक तथा मनस्वी मरमठ द्वारा भरतनाट्यम की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें दर्शकों ने अत्यंत सराहा।
इस अवसर पर स्पीक मैके की विरासत श्रृंखला के अंतर्गत एक विशिष्ट शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुति भी आयोजित की गई, जिसमें प्रख्यात मोहिनीअट्टम नृत्यांगना डॉ. नीना प्रसाद ने अपनी अनुपम कला से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके साथ वोकल पर चंगनास्सेरी माधवन्न नामपूथिरी, वायलिन पर वी.एस.के. अन्नादुरई तथा मृदंगम पर के.पी. रमेश बाबू ने उत्कृष्ट संगत प्रदान की। कार्यक्रम में स्पीक मैके के संयोजक श्री डी.के. गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।
विद्यालय के मानद निदेशक सतीश कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को अंतर्राष्ट्रीय नृत्य दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “नृत्य हमारी संस्कृति, भावनाओं और सृजनात्मकता की सशक्त अभिव्यक्ति है। यह हमें अनुशासन, आत्मविश्वास और समर्पण की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ उन्हें अपनी क्षमताओं के प्रदर्शन का सशक्त मंच प्रदान करते हैं।”
कार्यक्रम के अंत में सुश्री पारुल मेहता ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों, शिक्षकों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कक्षा 5 से 12 तक की नृत्य की छात्राएँ तथा संगीत विभाग के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का सफल संयोजन छात्रा प्रियांशी जैन एवं हीरल पालीवाल द्वारा किया गया।
.jpeg)
No comments