गोगुंदा में महाराणा प्रताप जयंती पर आयोजित भव्य समारोह में लोक सभा अध्यक्ष बिड़ला ने किया प्रताप के शौर्य को नमन गोगुंदा 16 जून: प्रातः स्म...
गोगुंदा में महाराणा प्रताप जयंती पर आयोजित भव्य समारोह में लोक सभा अध्यक्ष बिड़ला ने किया प्रताप के शौर्य को नमन
गोगुंदा 16 जून: प्रातः स्मरणीय वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486 वी जयंती के उपलक्ष्य में राजतिलक स्थली गोगुंदा में आयोजित प्रताप जयंती समारोह लोक सभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के मुख्य आतिथ्य में हजारों की संख्या में जुटी जन मेदिनी की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ ।
दोपहर 2 बजे लोक सभा अध्यक्ष ओम बिड़ला प्रताप राजतिलक स्थली पहुंचे । सबसे पहले उन्होंने महादेव बावड़ी स्थित प्रताप प्रतिमा , राणा पूंजा की प्रतिमा एवं महादेव मंदिर में पूजा अर्चना की ।
वहां से राजतिलक स्थली सभा स्थल पहुंचे ओर आम जन को संबोधित किया । अपने संबोधन में लोक सभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा कि महाराणा प्रताप की यह पावन भूमि गोगुंदा प्रताप के शौर्य, त्याग ओर हिंदू राष्ट्र को बाह्य आक्रांताओं से बचाने के संघर्ष की साक्षी है । महाराणा प्रताप ने मेवाड़ के गरीब आदिवासी तबके को साथ लेकर राष्ट्र रक्षा का संकल्प लिया जो अनुकरणीय है। उन्होंने महलों ओर राज मोह का त्याग कर जंगलों में जीवन बिताने का संकल्प लिया । उनका त्याग युगों युगों तक अविस्मरणीय रहेगा ।
मेवाड़ का स्वर्णिम इतिहास हमारी वर्तमान एवं भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है। महाराणा प्रताप जी का अदम्य साहस, अटूट स्वाभिमान, स्वतंत्रता के लिए उनका अथक संघर्ष तथा मातृभूमि के प्रति उनका समर्पण केवल राजस्थान ही नहीं, बल्कि संपूर्ण भारत और विश्व के लिए प्रेरणादायी है।
बिड़ला ने कहा कि गोगुंदा में हुआ महाराणा प्रताप जी का राजतिलक सत्ता और वैभव के लिए नहीं था, बल्कि प्रजा की सेवा, मेवाड़ की स्वतंत्रता तथा जनमानस के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए था। मेवाड़ के गौरव और स्वाभिमान की रक्षा के लिए उन्होंने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
आज जब हम महाराणा प्रताप जी का स्मरण करते हैं, तो साथ ही राणा पूंजा भील, दानवीर भामाशाह और महाराणा के अश्व चेतक को भी वंदन करते हैं। युद्धभूमि में उनके साथ मिलकर लड़ने वाले आदिवासी समाज और सभी जन को नमन करते हैं।
महाराणा प्रताप जी की पावन राजतिलक स्थली गोगुन्दा से देश के युवाओं, मातृ शक्ति के लिए संदेश है कि हम महाराणा कुंभा जी, महाराणा सांगा जी, महाराणा प्रताप जी, महारानी पद्मिनी जी जैसी विभूतियों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ें। अपनी विरासत पर गर्व करते हुए देश का प्रत्येक युवा, प्रत्येक नागरिक विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, यही अपने राष्ट्रनायकों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
सभा को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं चित्तौड़ सांसद सीपी जोशी, उदयपुर लोक सभा सांसद डा मन्नालाल रावत, जनजाति मंत्री बाबू लाल खराड़ी, विधायक प्रताप लाल गमेती,उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीना , देहात भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने भी संबोधित किया ।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथि लोक सभा अध्यक्ष ओम बिड़ला एवं मंचासिन अतिथियों ने भारत माता, महाराणा प्रताप एवं राणा पूंजा के छाया चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर जयंती समारोह का शुभारंभ किया ।
जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली एवं गोगुंदा विधायक प्रताप लाल गमेती ने लोक सभा अध्यक्ष ओम बिड़ला का मेवाड़ी पाग, उपरणा एवं प्रताप की प्रतिमा भेट कर स्वागत किया ।
विधानसभा के चारों मंडल अध्यक्षों द्वारा एक सो एक किलो की माला के साथ लोक सभा अध्यक्ष का स्वागत किया गया ।
प्रधान सुंदर देवी , सवाराम , लक्ष्मण सिंह झाला , पप्पु राणा भील द्वारा तीर कमान बिड़ला को भेट किए गए । युवा मोर्चा के चारों मंडल अध्यक्षों द्वारा बिड़ला को भागवत गीता भेट की गई ।
इस अवसर पर बिड़ला ने गोगुंदा की खेल प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया ।
लोक सभा अध्यक्ष बिड़ला ने गोगुंदा में 25 करोड़ के विकास कार्यों का भी लोकार्पण एवं शिलान्यास इस मौके पर किया ।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी एवं दयालाल चौधरी ने किया ।
राष्ट्रीय वयो श्री योजना के अंतर्गत गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र के लाभार्थियों से भी लोक सभा अध्यक्ष ने संवाद किया एवं गोगुंदा क्षेत्र में सरकार की जनकल्याण कारी योजनाओ के स्टाल का निरीक्षण किया ।
इस अवसर पर धरियावद विधानसभा प्रत्याशी कन्हैया लाल मीणा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डा चंद्रगुप्त सिंह चौहान, जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी, दीपक शर्मा, जिला महामंत्री ललित सिंह सिसोदिया, बडगांव प्रधान प्रतिभा नागदा, लक्ष्मण सिंह झाला, शंभू गमेती, मंडल अध्यक्ष निखिल कोठारी , नवल सिंह, करण जोशी, राजा राम गरासिया, मोहन कुमार, डीसी मेघवाल,समेत जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारियों एवं हजारों की संख्या में आम जन की उपस्थिति रही ।

No comments