उदयपुर। श्री गुरु कमल चंद्रोंशन गौ सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय कवि राव अजात शत्रु के जन्मदिन एवं जगन्नाथ रथ यात्रा की पूर्व स...
उदयपुर। श्री गुरु कमल चंद्रोंशन गौ सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय कवि राव अजात शत्रु के जन्मदिन एवं जगन्नाथ रथ यात्रा की पूर्व संध्या पर कलड़वास स्थित शिवशंकर गौशाला में लगभग 300 गौमाताओं को छप्पन भोग एवं लपसी का प्रसाद अर्पित किया गया।
ट्रस्ट की कोषाध्यक्ष स्वीटी जैन ने बताया कि कार्यक्रम में गौशाला की संचालक शालिनी सुरेंद्र चौहान ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा आपदा राहत विभाग, राजस्थान के प्रदेश संयोजक एवं राजस्थान गौरव डॉ. जिनेंद्र शास्त्री थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय कवि राव अजात शत्रु ने की। विशिष्ट अतिथियों में ट्रस्ट के संस्थापक संजय जैन, शुद्धम ग्रुप की डायरेक्टर डॉ. सीमा जैन एवं श्रीमती कौशल्या जैन उपस्थित रहीं।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में अंतरराष्ट्रीय कवि राव अजात शत्रु ने कहा कि जन्मदिन केवल व्यक्तिगत खुशी का अवसर नहीं, बल्कि समाज और संस्कृति के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करने का भी अवसर है। गौशाला में गौमाता की सेवा कर उन्हें छप्पन भोग एवं लपसी का प्रसाद अर्पित करने से उन्हें आत्मिक शांति और संतोष की अनुभूति हुई। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौसेवा को सर्वोच्च सेवा माना गया है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जन्मदिन जैसे शुभ अवसरों को सेवा, संस्कार और परोपकार से जोड़े, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन का वातावरण बनेगा। उन्होंने श्री गुरु कमल चंद्रोंशन गौ सेवा ट्रस्ट एवं गौशाला परिवार का इस पुनीत आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्य अतिथि डॉ. जिनेंद्र शास्त्री ने कहा कि गौसेवा हमारी सनातन संस्कृति एवं भारतीय जीवन मूल्यों का अभिन्न अंग है। जन्मदिन जैसे पावन अवसर पर गौमाता की सेवा करना अत्यंत प्रेरणादायी कार्य है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कवि राव अजात शत्रु ने अपने जन्मदिवस को समाजोपयोगी एवं धार्मिक सेवा से जोड़कर एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। ऐसे आयोजन समाज में सेवा, करुणा एवं संस्कार की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने श्री गुरु कमल चंद्रोंशन गौ सेवा ट्रस्ट के सभी पदाधिकारियों एवं सहयोगियों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए गौसेवा के इस अभियान के निरंतर विस्तार की कामना की।
कार्यक्रम में गौमाताओं को श्रद्धापूर्वक छप्पन भोग एवं लपसी का प्रसाद खिलाया गया तथा सभी ने गौसेवा का संकल्प लेते हुए भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर दक्ष जैन,अमित भास्कर,अथर्व सिंह राजावत,आशीष जैन आदि मौजूद थे.

No comments