25 अगस्त को सजाया जाएगा बहिराणा साहब उदयपुर। सनातन धर्म सेवा समिति एवं श्री बिलोचिस्तान पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में शक्तिनगर स्थित सनातन...
25 अगस्त को सजाया जाएगा बहिराणा साहब
उदयपुर। सनातन धर्म सेवा समिति एवं श्री बिलोचिस्तान पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में शक्तिनगर स्थित सनातन धर्म मंदिर में 16 जुलाई से 25 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा 40 दिवसीय भगवान झूलेलाल चालीहा महोत्सव भक्ति और अपार उत्साह के साथ चरम पर है। महोत्सव के तहत आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में बीती रात भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जो देर रात तक निरंतर चलती रही।
महासचिव विजय आहुजा ने बताया कि भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायक श्री योगेश गोविंदानी ने अपनी मधुर और रसमय आवाज में भगवान झूलेलाल के भजनों की ऐसी अविरल धारा बहाई कि उपस्थित भक्तजन झूमने पर मजबूर हो गए। श्रद्धालु पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ भजनों का आनंद लेते नजर आए, जिससे पूरा मंदिर परिसर ष्जय झूलेलालष् के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
समाज के अध्यक्ष नानकराम कस्तूरी ने बताया कि 40 दिवसीय चालीहा महोत्सव के तहत प्रतिदिन भगवान झूलेलाल को अलग-अलग प्रकार के प्रसाद का भोग लगाया जा रहा है। महोत्सव के अंतिम चरण में मंगलवार, 25 अगस्त को भव्य बहिराणा साहब सजाया जाएगा और विधिवत पूजा-अर्चना के बाद विसर्जन के साथ 40 दिवसीय चालीहा का समापन होगा।
श्री बिलोचिस्तान पंचायत के उपाध्यक्ष मनोज कटारियाने चालीहा पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सिंध के अत्याचारी शासक मिरखशाह से मुक्ति पाने के लिए सिंधी समाज ने 40 दिनों तक कठोर तपस्या की थी। तब जल के देवता भगवान वरुण (झूलेलाल) प्रकट हुए थे। चालीहा के अंतिम दिन श्रद्धालु बहिराणा साहिब बनाकर शोभायात्रा निकालते हैं, जिसमें पारंपरिक छेज नृत्य प्रस्तुत किया जाता है। ताहिरी (मीठे चावल), छोले और शरबत का प्रसाद वितरित कर शाम को बहिराणा साहिब का विसर्जन किया जाता है।
पंचायत के महासचिव विजय आहुजा एवं सेवादार जैतूमल बाबा ने बताया कि 40 दिनों तक अखंड ज्योति की पूजा-अर्चना करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। समापन पर बहिराणा साहब की आकर्षक झांकि भी निकाली जाएंगी। सेवादार जय सपरा ने बताया कि समाज जन झूलेलाल साहिब से विश्व में सुख-शांति और हरियाली की कामना कर रहे हैं। आयोजन को सफल बनाने में गुरुमुख कस्तूरी, कशिश चेलानी, मनोज कटारिया,बसन्त कस्तूरी, हेमन्त गखरेजा, सुनील सहित पंचायत व समिति के कार्यकर्ता जी-जान से जुटे हुए हैं।

No comments