दी उदयपुर ट्रांसपोर्ट ऑर्गनाइजेशन एवं उदयपुर गुड्स ऑर्गनाइजेशन की संयुक्त बैठक सम्पन्न उदयपुर, 11 जुलाई। प्रदेशभर के ट्रांसपोर्ट व्यवसायिय...
दी उदयपुर ट्रांसपोर्ट ऑर्गनाइजेशन एवं उदयपुर गुड्स ऑर्गनाइजेशन की संयुक्त बैठक सम्पन्न
उदयपुर, 11 जुलाई। प्रदेशभर के ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों, ट्रक मालिकों एवं वाहन संचालकों की विभिन्न समस्याओं, विशेष रूप से टस्ज्क् ळच्ै की अनिवार्यता, परमिट, वाहन फिटनेस तथा ऑनलाइन चालान व्यवस्था से उत्पन्न हो रही व्यावहारिक कठिनाइयों के समाधान की मांग को लेकर आगामी 13 जुलाई को प्रस्तावित प्रदेशव्यापी आंदोलन की तैयारियों के संबंध में शनिवार को दी उदयपुर ट्रांसपोर्ट ऑर्गनाइजेशन एवं उदयपुर गुड्स ऑर्गनाइजेशन के संयुक्त तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक संस्था के संरक्षक श्री पुष्पराज मेहता के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में सम्पन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों, ट्रक मालिकों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लेकर आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी उदयपुर ट्रांसपोर्ट ऑर्गनाइजेशन के अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह राणावत ने कहा कि वर्तमान समय में ट्रांसपोर्ट व्यवसाय अभूतपूर्व चुनौतियों का सामना कर रहा है। लगातार बढ़ते परिचालन व्यय, विभिन्न प्रकार के करों का आर्थिक बोझ, परमिट एवं फिटनेस से संबंधित जटिल प्रक्रियाएं, टस्ज्क् ळच्ै संबंधी अस्पष्ट नियम तथा ऑनलाइन चालान व्यवस्था के कारण वाहन मालिकों और ट्रांसपोर्टरों को अनावश्यक आर्थिक एवं मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट उद्योग देश की अर्थव्यवस्था की जीवनरेखा है, क्योंकि प्रत्येक उद्योग, व्यापार, कृषि एवं निर्माण क्षेत्र की निर्भरता परिवहन व्यवस्था पर है। इसके बावजूद ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों की वास्तविक समस्याओं की लगातार उपेक्षा की जा रही है।
श्री राणावत ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए तथा ऐसी नीतियां बनाई जाएं जिनसे वाहन मालिकों को राहत मिले और परिवहन व्यवसाय सुचारु रूप से संचालित हो सके। उन्होंने कहा कि यदि सरकार शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो प्रदेशभर का ट्रांसपोर्ट समाज लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपने अधिकारों की आवाज बुलंद करेगा।
इस अवसर पर राजस्थान ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन एवं उदयपुर गुड्स ऑर्गनाइजेशन के अध्यक्ष श्री भगवान सिंह भाटी ने कहा कि देश की आर्थिक प्रगति में ट्रांसपोर्ट क्षेत्र की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उद्योगों तक कच्चा माल पहुंचाने से लेकर किसानों की उपज बाजार तक पहुंचाने, व्यापारिक गतिविधियों को गति देने तथा आमजन की आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने का दायित्व ट्रांसपोर्ट व्यवसाय ही निभाता है। इसलिए सरकार द्वारा ट्रांसपोर्ट क्षेत्र से संबंधित किसी भी महत्वपूर्ण निर्णय को लागू करने से पूर्व प्रदेश एवं देशभर के ट्रांसपोर्ट संगठनों, यूनियनों तथा वाहन मालिकों के प्रतिनिधियों से व्यापक चर्चा एवं संवाद किया जाना चाहिए। बिना पर्याप्त विचार-विमर्श के लिए गए निर्णय न केवल ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को प्रभावित करते हैं, बल्कि सम्पूर्ण व्यापारिक व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं।
बैठक में उपस्थित सभी ट्रांसपोर्टरों एवं ट्रक मालिकों ने एक स्वर में कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में पूरे प्रदेश के ट्रांसपोर्ट समाज को एकजुट होकर अपने वैधानिक अधिकारों एवं व्यावसायिक हितों की रक्षा के लिए आगे आना होगा। सभी ने यह संकल्प लिया कि आगामी 13 जुलाई 2026 को प्रस्तावित प्रदेशव्यापी आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर सरकार तक अपनी आवाज प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाएगी। साथ ही प्रत्येक ट्रक मालिक, ट्रांसपोर्टर एवं परिवहन व्यवसायी से अपील की गई कि वे संगठनात्मक एकता का परिचय देते हुए आंदोलन में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
बैठक में आंदोलन की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों, विभिन्न जिम्मेदारियों के वितरण तथा ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों तक आंदोलन का संदेश पहुंचाने की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि ट्रांसपोर्ट उद्योग से जुड़े लाखों परिवारों के हितों एवं उनके भविष्य की सुरक्षा के लिए किया जा रहा है। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय करेगी।
बैठक में महामंत्री मनोहर सिंह राठौड़, उपाध्यक्ष हेमराज डांगी, कोषाध्यक्ष जगदीश पण्डा, सहसचिव मनप्रीत सिंह, प्रवक्ता हेमेन्द्र सिंह दवाणा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोपाल सुथार, पूर्व अध्यक्ष शंभु जैन, पूर्व सचिव प्रदीप सिंह शेखावत, नरेंद्र सिंह शेखावत, भैरू सिंह सारंगदेवोत, मुन्ना भाई गुर्जर, विक्रम जैन, अरुण चौधरी, मक्खन सिंह देवड़ा, भरत सिंह चौहान, संजीव कालरा, बहादुर सिंह,, रमेश महेश्वरी, योगेंद्र शर्मा, श्याम पडा, रणवीर सिंह, नीरज सिंह, मोहन लाल शर्मा, अजित गुप्ता, कैलाश अहीर, कैलाश पूर्बिया, धर्मपाल चौधरी, अजित सिंह खिंची सहित बड़ी संख्या में संस्था के सम्मानित सदस्य, ट्रांसपोर्ट व्यवसायी एवं ट्रक मालिक उपस्थित रहे।

No comments