संत रविदास जयंती, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात, हर घर तिरंगा अभियान, गुरु पूर्णिमा महोत्सव को प्रत्येक इकाई पर आयोजित करना है और स...
संत रविदास जयंती, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात, हर घर तिरंगा अभियान, गुरु पूर्णिमा महोत्सव को प्रत्येक इकाई पर आयोजित करना है और संगठन को सशक्त बनाना है: डॉ मन्नालाल रावत
उदयपुर, 25 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी शहर एवं देहात जिला के प्रमुख कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक दक्षिण विस्तार स्थित नवीन भाजपा कार्यालय में चित्तौड़गढ़ सांसद एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी के मुख्य सानिध्य में सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, हर घर तिरंगा अभियान, गुरु पूर्णिमा, संत रविदास जयंती, बूथ सशक्तिकरण तथा समसामयिक राजनीतिक विषयों पर व्यापक चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. सी.पी. जोशी ने कहा कि पेपर लीक देश का गंभीर विषय है और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी स्वयं इसे राष्ट्रीय स्तर का मुद्दा मानते हुए छात्रों के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता दे रहे हैं। केंद्र सरकार ने इस मामले में त्वरित एवं कठोर कदम उठाते हुए दोषियों पर कार्रवाई, परीक्षा प्रक्रिया में सुधार तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी निर्णय लिए हैं।
उन्होंने कहा कि आज जब सरकार ने समयबद्ध ढंग से पुनः परीक्षा आयोजित कर परिणाम घोषित कर दिए हैं तथा नियुक्ति प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है, तब कांग्रेस एवं विपक्षी दल युवाओं की वास्तविक समस्याओं का समाधान खोजने के बजाय राजनीतिक लाभ के लिए आंदोलन खड़ा कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली सहित देश के विभिन्न स्थानों पर हो रहे प्रदर्शनों में ऐसे तत्व सक्रिय हैं जिनका छात्रों से कोई सरोकार नहीं है और जो राष्ट्रविरोधी नारे लगाकर लोकतांत्रिक आंदोलनों की गरिमा को ठेस पहुंचा रहे हैं। ऐसे प्रयास युवाओं के भविष्य और देश के वातावरण, दोनों के लिए घातक हैं।
डॉ. जोशी ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान राजस्थान में अनेक बार पेपर लीक की घटनाएं हुईं, लेकिन तब किसी ने नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार नहीं की। इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, परीक्षा प्रणाली में सुधार, तकनीकी निगरानी तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस व्यवस्था विकसित की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे तथ्य आधारित जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं और विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम का लोकतांत्रिक एवं संयमित तरीके से जवाब दें।
बैठक में लोकसभा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने कहा कि मोदी सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि छात्रों के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होगा। दोषियों की गिरफ्तारी, परीक्षा का पुनः आयोजन, परिणामों की समयबद्ध घोषणा तथा भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाना सरकार की संवेदनशीलता का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए व्यापक सुधार किए जा रहे हैं तथा भविष्य में कंप्यूटर आधारित परीक्षा प्रणाली को बढ़ावा दिया जाएगा।
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा भी तय की गई। निर्णय लिया गया कि 25 से 27 जुलाई तक संत रविदास जयंती, 26 जुलाई को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का बूथ स्तर पर सामूहिक श्रवण, गुरु पूर्णिमा पर संत-महात्माओं एवं गुरुजनों का सम्मान, तथा 9 से 14 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगादृघर-घर तिरंगा’ अभियान को शक्ति केंद्र, बूथ एवं पंचायत स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा। प्रत्येक कार्यकर्ता को राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और संगठन सशक्तिकरण के इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया तथा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अलका मूंदड़ा ने भी अपने संबोधन में कहा कि विपक्ष युवाओं के मुद्दों का समाधान नहीं चाहता, बल्कि उन्हें राजनीतिक मोहरा बनाकर देश में भ्रम और अस्थिरता का वातावरण तैयार करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संयम, अनुशासन और सकारात्मक संवाद के माध्यम से जनता तक सरकार की उपलब्धियां एवं संगठन के कार्यक्रम पहुंचाने का आग्रह किया।
बैठक की अध्यक्षता शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ एवं देहात जिला अध्यक्ष पुष्कर तेली ने की। बैठक में सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, आईटी एवं सोशल मीडिया प्रकोष्ठ के प्रतिनिधि तथा संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी पूर्व जिला अध्यक्ष मांगीलाल जोशी, दिनेश भट्ट, भंवर सिंह पवार, चंद्रगुप्त सिंह चौहान, शहर जिला महामंत्री पारस सिंघवी देवीलाल सालवी डॉ पंकज बोराणा देहात जिला महामंत्री कन्हैयालाल मीणा ललित सिंह सिसोदिया विधायक फूलसिंह मीणा, प्रताप गमेती, शांता मीणा, पूर्व विधायक नानालाल अहारी, भाजपा सरकार का प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रमोद सामर प्रदेश कार्यकारिणी विशेष आमंत्रित सदस्य अतुल चंडालिया, गिरवा के पूर्व प्रधान तखत सिंह शक्तावत, भाजपा संभाग मीडिया प्रभारी चंचल कुमार अग्रवाल आईटी सेल जिला संयोजक पुनीत सुखवाल, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष बाबूलाल ओड, अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष गोपाल सालवी, मुकेश खटीक महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष कविता जोशी, रितु अग्रवाल, जनजाति मोर्चा जिला अध्यक्ष शंभू गमेती, शंकर खराड़ी बैठक में उपस्थित थे। बैठक का संचालन शहर जिला महामंत्री पारस सिंघवी ने किया तथा आभार देहात जिला महामंत्री देवीलाल सालवी ने व्यक्त किया।

No comments