Page Nav

HIDE

Classic Header

{fbt_classic_header}

breaking news

latest

स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता की समीक्षा बैठक के बाद सफाई एवं रखरखाव कार्यों में आई तेजी

उदयपुर, 10 जुलाई। प्रदेश स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता द्वारा नगर निगम उदयपुर में दो दिन पूर्व आयोजित समीक्षा बैठक के बाद शहर में स्...

उदयपुर, 10 जुलाई। प्रदेश स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता द्वारा नगर निगम उदयपुर में दो दिन पूर्व आयोजित समीक्षा बैठक के बाद शहर में स्वच्छता एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विभिन्न कार्यों में उल्लेखनीय गति देखने को मिल रही है। समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुरूप नगर निगम द्वारा कई कार्यों पर त्वरित कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरा संग्रहण केंद्रों की नियमित सफाई, उद्यानों के रखरखाव, बंद पड़े फव्वारों को पुनः संचालित करने, सार्वजनिक शौचालयों को स्वच्छ एवं उपयोगी बनाए रखने, सड़कों के गड्ढों की मरम्मत तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई थी। इस दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपते हुए प्रत्येक कार्य के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए थे।

श्री गुप्ता ने बताया कि समीक्षा के 48 घंटे के भीतर किए गए निरीक्षण में अधिकांश कार्यों पर अमल शुरू हो चुका है। निर्धारित मानकों के अनुरूप डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की व्यवस्था में सुधार किया गया है। कई उद्यानों में बंद पड़े फव्वारों को ठीक कर पुनः संचालित किया गया है। गुलाब बाग सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर कचरे के ढेर हटाने, झाड़ियों की छंटाई, फेंसिंग की मरम्मत तथा सौंदर्यीकरण के कार्य प्रारंभ कर दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि शहर की सड़कों पर गड्ढों की मरम्मत का कार्य भी गति पकड़ चुका है तथा एलीवेटेड ब्रिज के नीचे पेवरीकरण सहित अन्य विकास कार्य युद्ध स्तर पर किए जा रहे हैं। इन सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण हो सकें।

श्री गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी के निर्वहन में लापरवाही बरतता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि समयबद्ध एवं चरणबद्ध कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन से आने वाले दिनों में उदयपुर की स्वच्छता व्यवस्था, सार्वजनिक सुविधाओं तथा शहर की समग्र सुंदरता में सकारात्मक परिवर्तन स्पष्ट रूप से दिखाई देगा, जिसका सीधा लाभ आम नागरिकों एवं शहर आने वाले पर्यटकों को मिलेगा।


No comments