Page Nav

HIDE

Classic Header

{fbt_classic_header}

breaking news

latest

राजस्थान विद्यापीठ में सघन पौधारोपण अभियान का आगाज, पर्यावरण संरक्षण के साथ मानसिक स्वास्थ्य का भी संदेश

उदयपुर, 25 अगस्त। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली विस्तार की दिशा में सकारात्मक पहल करते हुए राजस्थान विद्यापीठ विश्वविद्यालय के संघटक लोकमान्य ...


उदयपुर, 25 अगस्त। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली विस्तार की दिशा में सकारात्मक पहल करते हुए राजस्थान विद्यापीठ विश्वविद्यालय के संघटक लोकमान्य तिलक शिक्षक महाविद्यालय परिसर में मंगलवार को सघन पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में फलदार, फूलदार, मौसमी और सुगंधित पुष्पों वाले पौधों के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। अभियान के तहत नीम, पीपल, जामुन, अमरूद, अनार सहित विदेशी प्रजातियों के पौधे भी रोपे गए।

पौधारोपण कार्यक्रम कुलाधिपति एवं कुल प्रमुख भंवरलाल गुर्जर, मुख्य अतिथि वल्लभनगर विधायक उदय लाल डांगी, रजिस्ट्रार डॉ. तरूण श्रीमाली, प्राचार्य प्रो. सरोज गर्ग और डॉ. अमिया गोस्वामी के सान्निध्य में आयोजित हुआ। इस अवसर पर विद्यापीठ पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और उपस्थित जनों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

वृक्ष पर्यावरणीय संतुलन के साथ स्वास्थ्य के लिए भी जरूरी - भंवरलाल गुर्जर

कुलाधिपति भंवरलाल गुर्जर ने कहा कि वृक्षारोपण केवल हरियाली बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि एक परिपक्व वृक्ष प्रतिवर्ष लगभग 21 किलोग्राम कार्बन डाइऑक्साइड अवशोषित करता है और पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन का उत्पादन करता है, जो लगभग 18 लोगों की वार्षिक आवश्यकता के बराबर मानी जाती है। उन्होंने कहा कि वृक्ष वायुमंडल में मौजूद धूल, धुएं और अन्य हानिकारक कणों को भी अवशोषित करते हैं। इससे वायु की गुणवत्ता बेहतर होती है और वातावरण अधिक स्वच्छ एवं स्वस्थ बनता है। उन्होंने पौधारोपण के साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण को भी जरूरी बताया।

वल्लभनगर विधायक उदय लाल डांगी का किया सम्मान

कार्यक्रम में वल्लभनगर विधायक उदय लाल डांगी का सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए विद्यापीठ संस्थान और कार्यकर्ताओं की ओर से पगड़ी, उपरणा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर उदय लाल डांगी ने कहा कि विद्यापीठ कार्यकर्ताओं की संस्था है और उनके आज के मुकाम तक पहुंचने में संस्था का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यापीठ की निरंतर प्रगति के लिए वे हर स्तर पर अपना सहयोग और प्रयास जारी रखेंगे।

तीनों परिसरों में चलेगा पौधारोपण अभियान - प्रो. मंजु मांडोत

कुलपति प्रो. मंजु मांडोत ने बताया कि पौधारोपण अभियान विद्यापीठ के तीनों परिसरों में संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाली का प्रभाव केवल पर्यावरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका मानव मानसिक स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक असर पड़ता है।

उन्होंने कहा कि शोधों में यह सामने आया है कि हरे-भरे वातावरण में समय बिताने से तनाव, चिंता और अवसाद में कमी आती है। इसके साथ ही एकाग्रता में सुधार और समग्र मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में भी प्राकृतिक वातावरण सहायक होता है।

मुख्य अतिथि विधायक उदय लाल डांगी ने कहा कि विद्यापीठ की यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ सामाजिक और मानसिक स्वास्थ्य की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के माध्यम से विद्यार्थियों और समुदाय में प्रकृति के प्रति जागरूकता एवं संवेदनशीलता विकसित होगी। यह अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का कार्य करेगा।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. हरीश चौबीसा ने किया तथा आभार डॉ. रचना राठौड़ ने व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. अमी राठौड़, डॉ. रचना राठौड, डॉ. बलिदान जैन, डॉ. राजन सूद, डॉ. हीना खान, डॉ. भूरालाल शर्मा, डॉ. प्रकाश धाकड, डॉ. देवेन्द्र सिंह राव, डॉ. अपर्णा श्रीवास्तव, डॉ. अमित दवे, किशन सिंह राव सहित कार्यकर्ताओं ने अपने नाम का पौधा लगा उसके संरक्षण का संकल्प लिया।


No comments