बसंत विहार पार्क प्रेमियों ने 88 वर्षीय डॉ. श्याम लाल माथुर का किया भावपूर्ण अभिनंदन उदयपुर, 29 मई। समाज में वरिष्ठजनों के सम्मान और सामाजिक...
बसंत विहार पार्क प्रेमियों ने 88 वर्षीय डॉ. श्याम लाल माथुर का किया भावपूर्ण अभिनंदनउदयपुर, 29 मई। समाज में वरिष्ठजनों के सम्मान और सामाजिक संस्कारों को सशक्त बनाने की दिशा में उदयपुर पर्यावरण समिति एवं बसंत विहार पार्क प्रेमियों द्वारा एक प्रेरणादायी पहल करते हुए 88 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक एवं कृषि विस्तार निदेशालय उदयपुर के पूर्व निदेशक डॉ. श्याम लाल माथुर का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उन्हें पारंपरिक पगड़ी एवं उपरना पहनाकर सम्मानित किया गया।
समारोह में उपस्थित पार्क प्रेमियों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने इस आयोजन को सामाजिक समरसता, संस्कार और सम्मान की जीवंत मिसाल बताया। पर्यावरण समिति अध्यक्ष सुशील बाठिया ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली के बीच वरिष्ठजनों का सम्मान करना केवल परंपरा नहीं, बल्कि समाज की नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने पार्क प्रेमियों से पार्कों के संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान संपत लाल मंडोवरा ने डॉ. माथुर को पगड़ी पहनाकर स्वागत किया, वहीं उपस्थित सभी सदस्यों ने तिलक एवं उपरना पहनाकर उनका अभिनंदन किया। बी.के. गुप्ता ने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को संस्कारों और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
अपने सम्मान से अभिभूत डॉ. श्याम लाल माथुर ने सभी पार्क प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में आपसी सम्मान, सहयोग और प्रकृति संरक्षण की भावना लगातार मजबूत होनी चाहिए।
बसंत विहार पार्क में आयोजित इस समारोह में लगभग 50 पार्क प्रेमियों एवं क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में राजदेव शाह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

No comments