गरासिया ने कहा-सालों से चल रही इस मांग को अब जल्द पूरा किया जाए, वकीलों में नाराजगी है उदयपुर। राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया ने शुक्रवार ...
गरासिया ने कहा-सालों से चल रही इस मांग को अब जल्द पूरा किया जाए, वकीलों में नाराजगी है
उदयपुर। राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया ने शुक्रवार को केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट कर उदयपुर में हाई कोर्ट बेंच की स्थापना का विषय प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही उन्होंने मेवाड़-वागड़ क्षेत्र सहित राजस्थान के विभिन्न जनहित एवं विकास संबंधी मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से मुलाकात के दौरान सांसद श्री गरासिया ने उदयपुर संभाग की लंबे समय से लंबित महत्वपूर्ण मांग उदयपुर में हाई कोर्ट बेंच की स्थापना का विषय उनके सम्मुख रखा और बताया कि उदयपुर के अधिवक्ता पिछले कई सालों से इस मुद्दे को लेकर हर महीने आंदोलन करते हैं। इस मुद्दे को लेकर उनमें नाराजगी है। अब समय आ गया है जब उदयपुर की हाई कोर्ट बेंच की मांग पर सरकार गंभीरता से विचार कर निर्णय ले। उन्होंने कहा कि दक्षिणी राजस्थान के आदिवासी एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को न्यायिक कार्यों के लिए जोधपुर तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे आमजन को आर्थिक एवं सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उदयपुर में हाई कोर्ट बेंच स्थापित होने से मेवाड़-वागड़ क्षेत्र के लाखों लोगों को न्याय सुलभ एवं सुगम रूप से उपलब्ध हो सकेगा।
सांसद श्री गरासिया ने केंद्रीय मंत्री को क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं विकास कार्यों से भी अवगत कराया तथा जनहित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया।
केंद्रीय कानून मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने सांसद श्री गरासिया द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता से सुनते हुए उचित स्तर पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर सांसद श्री गरासिया ने कहा कि वे क्षेत्र की जनता की समस्याओं एवं जनभावनाओं को केंद्र सरकार तक मजबूती से पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

No comments