उदयपुर, 13 जुलाई. केंद्र सरकार द्वारा समान नागरिक संहिता (UCC) के संबंध में प्रशासन के माध्यम से आयोजित जनसुनवाई का आज उदयपुर शहर एवं देहात ...
उदयपुर, 13 जुलाई. केंद्र सरकार द्वारा समान नागरिक संहिता (UCC) के संबंध में प्रशासन के माध्यम से आयोजित जनसुनवाई का आज उदयपुर शहर एवं देहात जिला कांग्रेस कमेटी ने पूर्ण बहिष्कार किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन को विरोध ज्ञापन सौंपकर कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वर्तमान स्वरूप में आयोजित यह जनसुनवाई केवल औपचारिकता है और बिना कानून का प्रारूप सार्वजनिक किए इस प्रकार जनमत लेने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।
इस अवसर पर उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने कहा कि भारत विविधताओं वाला देश है, जहां विभिन्न धर्मों, समुदायों, जनजातियों एवं संस्कृतियों की अपनी-अपनी परंपराएं और व्यक्तिगत कानून हैं। सरकार जिन विषयों पर जनसुनवाई के माध्यम से राय लेना चाहती है, उन्हें समान नागरिक संहिता के दायरे में लाना भारत जैसे बहुलतावादी देश में व्यावहारिक नहीं है।
उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार जनता के वास्तविक मुद्दों—महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बिगड़ती कानून-व्यवस्था—से ध्यान भटकाने के लिए यूसीसी का मुद्दा उठा रही है। सरकार को पहले समान नागरिक संहिता का विस्तृत प्रारूप सार्वजनिक कर देश के सभी वर्गों, धार्मिक संगठनों, विधि विशेषज्ञों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों से व्यापक चर्चा करनी चाहिए।
राठौड़ ने यह भी आरोप लगाया कि जनसुनवाई के लिए गठित समितियों में निष्पक्ष एवं सर्वसमावेशी प्रतिनिधित्व के स्थान पर वैचारिक रूप से एक पक्ष विशेष से जुड़े लोगों को शामिल किया गया है, जिससे पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न खड़े होते हैं। कांग्रेस पार्टी संविधान की मूल भावना, देश की एकता, सामाजिक सद्भाव और सभी धर्मों एवं समुदायों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा किसी भी ऐसे प्रयास का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी, जिससे देश की सामाजिक संरचना प्रभावित होने की आशंका हो।
इस अवसर पर शहर जिला महामंत्री दिनेश कुमार दवे, सुनील रोजर्स, देहात कांग्रेस नेता कौशल नागदा, एससी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुरेश सोलंकी, मंडल अध्यक्ष ऋतुराज मिश्रा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता प्रकोष्ठ के अध्यक्ष बंसीलाल गवारिया, देहात कांग्रेस कार्यालय सचिव महेंद्र डामोर एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता गणपत भादविया सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
No comments