उदयपुर। आज मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय (MLSU) परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं जैव-विविधता संवर्धन के उद्देश्य से एक विशेष पौधारोपण कार्यक...
उदयपुर। आज मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय (MLSU) परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं जैव-विविधता संवर्धन के उद्देश्य से एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान का नेतृत्व एम.एल.एस.यू. के कुलगुरु प्रो. कैलाश डागा ने किया, तथा कार्यक्रम का संचालन ग्रीन पीपल सोसायटी (GPS) के तत्वावधान में हुआ।
इस अवसर पर परिसर में खेजड़ी एवं रोयड़ा सहित देशी प्रजातियों के पौधे रोपे गए। ये प्रजातियाँ राजस्थान की जलवायु के लिए अत्यंत उपयुक्त एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जाती हैं। कार्यक्रम के दौरान पहले से चल रहे पौधारोपण को और आगे बढ़ाते हुए इस वर्षा ऋतु में और अधिक से अधिक पौधारोपण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया, ताकि परिसर को हरित-आभा से सुसज्जित किया जा सके।
इस पौधारोपण अभियान में एम.एल.एस.यू. के कुलसचिव (रजिस्ट्रार) वीसी गर्ग, विभिन्न संकायाध्यक्ष, प्राध्यापकगण तथा ग्रीन पीपल सोसायटी के सदस्य श्री शरद श्रीवास्तव, श्री जगमाल सिंह खंगारोत एवं राज्य अधिकारी श्री प्रतीक मुर्वादया उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक इस अभियान में भाग लिया और पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कुलगुरु प्रो. कैलाश डागा जी ने इस पहल को सराहते हुए कहा कि "शिक्षण संस्थानों का दायित्व केवल शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना भी है। इस प्रकार के अभियान विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करते हैं।"
ग्रीन पीपल सोसायटी के पदाधिकारियों ने आश्वासन दिया कि संस्थान को तकनीकी परामर्श, वैज्ञानिक पौधरोपण विधि एवं आवश्यक लॉजिस्टिक सहयोग प्रदान किया जाएगा। साथ ही भविष्य में भी ऐसे संयुक्त कार्यक्रम आयोजित कर परिसर को एक समृद्ध एवं प्रेरणादायी हरित कैंपस के रूप में विकसित किया जाएगा।

No comments